Health Benefits of Capsicum: कई बीमारियों के साथ रोग प्रतिरोधक क्षमता को रखता है बरकरार
Health Benefits of Capsicum शिमला मिर्च खाने से हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता बरकरार रहती है साथ ही कई बीमारियों में भी फायदेमंद है शिमला मिर्च...
नई दिल्ली, जेएनएन। हमारे किचन में ऐसी कई चीजें मौजूद होती हैं, जिससे हम अपने स्वास्थ्य का ख्याल रख सकते हैं। उनमें से एक है शिमला मिर्च। अगर इसका इस्तेमाल हम अक्सर करें तो कई बीमारियों से बचे रह सकते हैं। अच्छी और स्वस्थ त्वचा के लिए पौष्टिक आहार जरूरी होता है। विटामिंस की कमी से कई समस्याएं हो सकती हैं।
इम्युनिटी बढ़ाती है: शिमला मिर्च आसानी से मिलने वाली सब्जी है। यह हरी, लाल व पीले रंग की होती है। इसका प्रयोग आमतौर पर खाने को आकर्षक बनाने में किया जाता है। यह हमारे स्वास्थ्य के लिए भी बहुत लाभकारी है। इसमें विटामिन ए, सी, फ्लेवोनॉइड्स, अल्कलाइड्स और टैनिंस जैसे लाभकारी तत्व मिलते हैं।
इसके अतिरिक्त इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी, एनलजेस्टिक और एंटीऑक्सीडेंट जैसे तत्व भी मौजूद होते हैं, जो हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने का काम करते हैं। इसमें मौजूद विटामिन सी हमारे शरीर के प्रतिरक्षा तंत्र को भी मजबूत करती है। यह हमारे दिमाग के लिए भी काफी फायदेमंद होती है। इसके सेवन से स्ट्रेस भी कम होता है।
मोटापा कंट्रोल करती है: मोटापे से जूझ रहे व्यक्तियों के लिए शिमला मिर्च का सेवन काफी लाभकारी होता है। दरअसल शिमला मिर्च में काफी कम मात्रा में कैलोरी होती है। इसके सेवन से शरीर का मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है। इससे मोटापा तो कम होता ही है साथ ही इम्यून सिस्टम भी मजबूत होता है।
दिल को रखे दुरुस्त: शिमला मिर्च में फ्लेवोनॉइड्स पाए जाते है, जो कि हृदय के लिए काफी फायदेमंद होते है। ये तत्व दिल के रोगों को हमसे दूर रखते है। इसके अलावा इसके सेवन से हमारे शरीर में ऑक्सीजन की सप्लाई बेहतर तरीके से होती है। इससे हमारी इम्युनिटी भी बढ़ती है।
बढ़ती है आंखों की रोशनी: शिमला मिर्च चेहरे पर आने वाले पिंपल्स को रोकने में मदद करता है। इसके अलावा इसमें विटामिन ए होता है, जो आंखों के लिए अच्छा होता है। यह आंखों की बीमारियों को रोकने में मदद करता है।
दूर होती है आयरन की कमी: शरीर में आयरन की कमी को पूरा करने के लिए विटामिन सी की जरूरत होती है। इसमें विटामिन सी भरपूर मात्रा में होती है। आयरन की कमी न होने से शरीर एनीमिक होने से बचता है। इससे इम्यून सिस्टम बेहतर होता है। इसमें कई अन्य औषधीय गुण भी होते हैं, जो हमें कई बीमारियों से छुटकारा दिलाते हैं।