हरियाणा विस पहुंचे कांडा, शेम-शेम के नारे
हरियाणा विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेने पहुंचे पूर्व गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा को विपक्ष के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। एयर होस्टेस गीतिका शर्मा आत्महत्या मामले में आरोपी कांडा के विरोध में जहां विपक्ष ने शेम-शेम के नारे लगाए, वहीं सत्ता पक्ष के विधायक उनसे गले मिलते और हाथ मिलाते दिख
चंडीगढ़, [जाब्यू]। हरियाणा विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेने पहुंचे पूर्व गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा को विपक्ष के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। एयर होस्टेस गीतिका शर्मा आत्महत्या मामले में आरोपी कांडा के विरोध में जहां विपक्ष ने शेम-शेम के नारे लगाए, वहीं सत्ता पक्ष के विधायक उनसे गले मिलते और हाथ मिलाते दिखे। कांडा को दिल्ली हाई कोर्ट ने विधानसभा सत्र में शामिल होने के लिए चार अक्टूबर तक अंतरिम जमानत प्रदान की है। वहीं मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि कांडा विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होने के लिए जमानत पर रिहा हुए हैं। इसलिए उनका सदन में आना अनुचित नहीं है।
गोपाल कांडा शुक्रवार करीब दो बजकर 33 मिनट पर उस समय सदन में दबे पांव पहुंचे, जब इनेलो विधायकों द्वारा शोर-शराबा किया जा रहा था और विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही स्थगित कर दी थी। इसी शोर-शराबे की आड़ लेकर कांडा सदन में आए और तुरंत बाहर निकल गए। 15 मिनट बाद जब वह सदन में आए तो विपक्ष ने उन्हें देखकर नारेबाजी शुरू कर दी। इनेलो विधायक रामपाल माजरा और भाजपा विधायक अनिल विज ने कांडा को सदन से बाहर करने की मांग की। मुख्य संसदीय सचिव राम किशन फौजी की सीडी के मामले पर जब सदन में हंगामा हो रहा और इनेलो विधायकों को निलंबित करने के बाद स्पीकर द्वारा भाजपा व हजकां विधायकों को चेतावनी दी जा रही थी, तब भी कांडा के खिलाफ नारे लगाए गए। बाद में भाजपा विधायक अनिल विज को भी निलंबित कर दिया गया। सदन से जाते समय विज ने कांडा की तरफ इशारा करते हुए कहा कि इन्हें यहां बैठने का कोई अधिकार नहीं है। इस पर गोपाल कांडा ने भी जवाबी हमला बोलते हुए कहा कि आपको निलंबित किया जा चुका है, इसलिए सदन से बाहर जाइए। कांडा पूरे समय सदन की कार्यवाही में भागीदारी करते दिखाई दिए। सदन के बाहर मीडिया के सवालों का कांडा ने कोई जवाब नहीं दिया और आगे बढ़ गए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर