Google का नया एक्सटेंशन, वेबपेज के खास हिस्से को लिंक में कर देगा कनवर्ट
Link to Text Fragment यह उन यूजर्स के लिए ज्यादा प्रोडक्टिव टूल हो सकता है जो ऑनलाइन चीजों को ज्यादा शेयर करते हैं।
अमित निधि। Link to Text Fragment आजकल ऑनलाइन कार्य करने या फिर कुछ आप कुछ पढ़ रहे हैं, तो कई बार वेब पेज के किसी खास हिस्से को शेयर करने की जरूरत पड़ जाती है। ऐसी स्थिति में या तो आप उस हिस्से का स्क्रीनशॉट लेते हैं या फिर लिंक ही कॉपी-पेस्ट कर शेयर कर देते हैं, लेकिन अब आप वेब आर्टिकल के किसी खास हिस्से को आसानी से शेयर कर पाएंगे।
इसके लिए गूगल एक नया क्रोम एक्सटेंशन लेकर आया है। इसका नाम है ‘लिंक टू टेक्स्ट फ्रेगमेंट’ ( Link to Text Fragment)। यह यूजर को सुविधा देता है कि वह वेबसाइट के किसी खास हिस्से को लिंक में कनवर्ट कर शेयर कर सकते हैं यानी अब आपको कॉपी-पेस्ट या फिर स्क्रीनशॉट लेने की जरूरत नहीं रह जाएगी।
टेक्स्ट को कैसे बदल सकते हैं लिंक में : इसके लिए सबसे पहले आपको ‘लिंक टू टेक्स्ट फ्रेगमेंट एक्सटेंशन’ गूगल वेब स्टोर से इंस्टॉल करना होगा। इसके बाद आप वेबसाइट पर उस खास टेक्स्ट या हिस्से को सलेक्ट कर लें, जिसे आप शेयर करना चाहते हैं। टेक्स्ट को सलेक्ट करने के बाद माउस पर राइट क्लिक करने से ‘कॉपी लिंक टू सलेक्टेड टेक्स्ट’ का विकल्प दिखाई देगा। आप उसे सलेक्ट कर लें। इसके बाद आपके द्वारा सलेक्ट किया गया टेक्स्ट येलो कलर में हाइलाइट हो जाएगा। अब आपके क्लिपबोर्ड पर सीधे उसे टेक्स्ट का लिंक होगा, जिसे किसी भी यूजर के साथ शेयर कर सकते हैं।
प्राप्तकर्ता जैसे ही उस लिंक को ओपन करेंगे, तो वह हिस्सा या टेक्स्ट उन्हें हाइलाइट के रूप में दिखाई देगा। हालांकि अभी यह लिंक केवल क्रोम और ऐज ब्राउजर पर ही सही तरीके से ओपन हो रहा है, लेकिन जब इस लिंक को फायरफॉक्स, सफारी या ओपेरा ब्राउजर पर ओपन करेंगे, तो पूरा वेबपेज दिखाई देगा यानी इन ब्राउजर पर हाइलाइट किया गया हिस्सा फिलहाल आपको नहीं दिखाई देगा। यह उन यूजर्स के लिए ज्यादा प्रोडक्टिव टूल हो सकता है, जो ऑनलाइन चीजों को ज्यादा शेयर करते हैं।