मैट्रिमोनियल साइट के जरिए गोवा की महिला से ठगे 37 लाख, दिल्ली से 2 अफ्रीकी गिरफ्तार
गोवा की एक महिला के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी (Online Fraud) के मामले में दिल्ली से दो अफ्रीकी नागरिकों को गिरफ्तार (Arrest) किया गया है। गोवा और दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर अफ्रीकी नागरिकों (Africans) को गिरफ्तार किया।
पणजी (गोवा) एएनआइ। गोवा और दिल्ली पुलिस के साइबर अपराध अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने मंगलवार को दिल्ली के दो अफ्रीकियों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने मैट्रिमोनियल साइट के जरिए गोवा की एक महिला को 37 लाख रुपये का चुना लगाया।
पुलिस की तरफ से जारी बयान में कहा गया हा कि पीड़िता ने साइबर अपराध पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें कहा गया था कि एक व्यक्ति ने मैट्रिमोनियल साइट पर उसे एक नकली प्रोफाइल बनाकर शादी का प्रस्ताव दिया। महिला को जाल में फंसाकर आरोपी ने उसने विदेश से महंगा गिफ्ट भेजने की बात कही और इन विदेशी उपहारों के लिए कस्टम क्लीयरेंस के नाम पर आरोपी ने पीड़िता से 37 लाख ठग लिए।
बयान के मुताबिक आरोपी ने महिला के सामने खुद को एक डॉक्टर के रूप में पेश किया था। साथ ही उसने महिला को महंगे गिफ्ट्स का भी लालच दिया। आरोपी ने पीड़ित महिला से कहा कि गिफ्ट्स के लिए उसे कस्टम क्लीयरेंस कराना होगा। अफ्रीकी नागरिक ने इसी बहाने महिला से 37 लाख रुपये ठग लिए। जैसे ही पीड़िता को एहसास हुआ कि उसे धोखा दिया गया है उसने अपनी शिकायत साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज करा दी। जांच के दौरान पता चला कि फर्जी पहचान वाले अपराधियों का एक संगठित गिरोह अपराध के पीछे था।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों की पहचान कैमरून के सुपा सेबेस्टियन और आइवरी कोस्ट के सेनेहॉउन फ्रैंक के रूप में की गई है। दोनों आरोपी फिलहाल दिल्ली के महरौली इलाके में रह रहे थे। पुलिस ने कहा है कि दोनों अफ्रीकी नागरिकों ने फर्जी आईडी से मोबाइल फोन, सिम कार्ड लिए। पुलिस ने आरोपियों से 650 लोगों के डेटाबेस बरामद किए गए हैं। फिलहाल आगे की जांच जारी है।