गोवा के सीएम प्रमोद सावंत आ रहे दिल्ली, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से होगी मुलाकात!
विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियां जोरों-शोरों पर है। आए दिन राजनीतिक बैठक की जा रही है। चुनावी रणनीतियां तेज हो गई है। ऐसे में गोवा के सीएम प्रमोद सावंत आज सुबह नई दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं।
नई दिल्ली, एएनआइ। विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियां जोरों-शोरों पर है। सभी राजनीतिक दलों ने आगामी चुनाव के लिए अपनी-अपनी कमर कस ली है। आए दिन राजनीतिक बैठक की जा रही है। चुनावी रणनीतियां तेज हो गई है। ऐसे में गोवा के सीएम प्रमोद सावंत आज सुबह नई दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। माना जा रहा है कि उनका यह दौरा आगामी राज्य विधानसभा चुनावों से जुड़ा हुआ है। इस दौरे पर उनके भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने की संभावना है।
बैठक में गृह मंत्री अमित शाह के भी शामिल होने की संभावना
गोवा विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर भाजपा कोर कमेटी की आज एक अहम बैठक होने वाली है, बताया जा रहा है कि इस बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर मंथन हो सकता है, जिसमें आज गोवा के टिकटों पर आधिकारिक तौर पर बात की जाएगी। आपको बता दें कि बैठक में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत मौजूद रहेंगे। साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में बैठक होने की संभावना है।
महामारी के बीच चुनावी तैयारी
विधानसभा चुनाव 2022 सिर पर आ गया है। सभी राजनीतिक दल चुनावी अखाड़े में कूद पड़े हैं। कहीं राजनीतिक दलों में फेरबदल हो रहा है, तो कहीं कोई अपनी पार्टी छोड़कर नई पार्टी में शामिल हो रहा है।
इस साल देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसकी तैयारी में राजनीतिक दलों के साथ-साथ चुनाव आयोग भी लगा हुआ है। कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप के बीच चुनावी तैयारी जारी है। वहीं इन पांचों राज्यों में राजनीतिक दल अपनी अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के नाम फाइनल करने में जुटे हुए हैं।
वहीं निर्वाचन आयोग (Election Commission) ने पांच चुनावी राज्यों में नए राजनीतिक दलों के पंजीकरण नियमों में शुक्रवार को बदलाव करते हुए नोटिस अवधि को 30 दिनों से घटाकर सात दिन कर दिया है। आपको बता दें कि कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।