दिल्ली जानेवाली गो एयरवेज की फ्लाइट रद, यात्रियों ने किया हंगामा
रांची से दिल्ली जानेवाली गो एयरवेज की फ्लाइट रद होने के बाद यात्रियों ने हंगामा कर दिया।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची से दिल्ली जानेवाली गो एयरवेज की फ्लाइट जी 8-138 अचानक रद कर दिए जाने से सोमवार को एयरपोर्ट पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया।
यात्रियों का कहना था कि एयरपोर्ट पर आने के बाद पता चला कि फ्लाइट को रद कर दिया गया। फ्लाइट की देरी और रद होने की सूचना एसएमएस के माध्यम से यात्रियों को दी जाती है, पर ऐसा नहीं हुआ। यात्रियों की नाराजगी थी कि अगर पहले सूचना मिल गई होती, तो उन्हें लंबी दूरी तय करके यहां आने की जरूरत नहीं पड़ती।
यह भी पढ़ें: कतर एयरलाइंस ने दुनिया की सबसे लंबी हवाई सेवा शुरू की
कुछ यात्री तो दूसरे विमान की व्यवस्था करने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि दिल्ली से उनकी कनेक्टिंग फ्लाइट है। अब तो वह दोनों ही ओर से गए। अगर समय पर वे नहीं गए तो उनकी नौकरी भी जा सकती है। उन्होंने अपनी नाराजगी गो एयरवेज के काउंटर पर जाकर एयरलाइंस कंपनी के कर्मचारियों पर उतारी।
कंपनी के कर्मचारियों ने इसे लेकर हाथ खड़े कर दिए। उनका कहना था कि अगले दिन उन्हें इसी फ्लाइट से भेजा जा सकेगा। इसके लिए उन्हें इंतजार करना पड़ेगा। यात्री इसे लेकर मानने को तैयार नहीं थे। जब उनकी बातों की सुनवाई नहीं हुई तो मजबूरन उन्हें वापस लौटना पड़ा।
यह भी पढ़ें: स्पाइसजेट ग्रेट बजट सेल में मात्र 888 रुपए में हवाई सफर का मौका, सिर्फ दो दिन बाकी