दिल्ली में गो एयर फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित
तकनीकी खराबी के चलते फ्लाइट की दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। अधिकारियो के मुताबिक विमान में सवार सभी 158 यात्री सुरक्षित हैं।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। तकनीकी खराबी आने से उड़ान के तुरंत बाद आइजीआइ एयरपोर्ट पर गो एयरलाइंस की एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैडिंग कराई गई। घटना बुधवार दोपहर घटी। विमान में 168 यात्री सवार थे। लैडिंग सफल रही। किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। फ्लाइट में तकनीकी खराबी क्यों आई इसका पता लगाया जा रहा है।
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक गो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या जी8-144 को दिल्ली से बागडोगरा जाना था। फ्लाइट ने आइजीआइ एयरपोर्ट से दोपहर करीब 2.20 बजे उड़ान भरी थी। उड़ान के 20 मिनट बाद ही पायलट को विमान में तकनीकी खराबी आने का पता चला। इसकी सूचना उन्होंने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) व एयरपोर्ट अधिकारियों को दी। एटीसी से इमरजेंसी लैडिंग की इजाजत मांग गई।
एटीसी से एयरपोर्ट पर उतरने की इजाजत मिलते ही रनवे पर दमकल, एम्बुलेंस और बचाव दल के कर्मियों को तैनात कर दिया गया। 2.45 बजे विमान सुरक्षित तरीके से एयरपोर्ट पर उतर गई।
यह भी पढ़ें: लखनऊ में गो एयर की फ्लाइट में महिला की मौत