रिश्तेदार कर रहे थे लड़की को बेचने की तैयारी, प्रेमी संग कर ली शादी
पुलिस ने मामले में लड़की को देवास के वनस्टॉप सेंटर भेज दिया है जबकि लड़के को उसके माता-पिता को सौंप दिया है।
उदयनगर (देवास), नई दुनिया। नगर की एक लड़की को उसके रिश्तेदार बेचने की तैयारी कर रहे थे। इसकी जब उसे भनक लगी तो वह घर से निकलकर सहेली के पास पहुंची और बाद में प्रेमी से शादी कर ली। इस पर परिजन ने लड़की को नाबालिग बताते हुए प्रेमी के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज करा दिया। बाद में लड़की अपने प्रेमी के साथ थाने पहुंची और अपनी उम्र के दस्तावेज प्रस्तुत किए। इसके बाद न्यायालय में प्रेमी के साथ रहने संबंधी बयान दिया।
पुलिस ने मामले में लड़की को देवास के वनस्टॉप सेंटर भेज दिया है जबकि लड़के को उसके माता-पिता को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार उदयनगर के ग्रिड मोहल्ला निवासी लड़की 12वीं के बाद आगे की पढ़ाई के लिए इंदौर में रह रही थी, वह उदयनगर अपने घर आई हुई थी। इसी दौरान तीन अगस्त को रिश्ते की बुआ अपने गांव डेरिया ले गई थी। इस दौरान लड़की का पिता भी साथ गया था। बुआ ने उसे 10 दिन अपने पास रखा। इसी दौरान एक दिन लड़की को राजस्थान में किसी को बेचने की बात चल रही थी। इसी दौरान लड़की ने पूरी बात सुन ली और अपने घर जाने की बात कही। घबराई लड़की घर से अपनी सहेली के पास 16 अगस्त को इंदौर चली गई।
इंदौर पहुंचकर लड़की ने अपने प्रेमी को बताया कि रिश्तेदार उसे बेचना चाह रहे हैं इसलिए तुम मुझ से शादी कर लो। इसके बाद दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। तब से दोनों इधर-उधर रह रहे थे। उधर उसके पिता ने उदयनगर थाने में रामपुरा निवासी प्रेमी के खिलाफ 24 सितंबर को अपहरण का केस दर्ज करवा दिया। इसमें पिता ने लड़की को नाबालिग बताया।