पकड़े जाने से पहले चोकसी ने कैरेबियाई सागर में नष्ट किए दस्तावेज, डोमिनिका के प्रत्यक्षदर्शी का दावा
भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी ने एंटीगुआ पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई है। मेहुल चोकसी ने कहा है कि आठ से 10 लोगों ने उसे बेरहमी से पीटा और उसका फोन घड़ी और बटुआ (वॉलेट) छीन लिया।
नई दिल्ली, एजेंसियां। भगोड़ा हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी जब रोसिया के विनिसीटी स्थित कैरेबियाई सागर में कुछ दस्तावेज बहा कर रहा था, तभी क्रिमिनल इनवेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआइडी) के अफसरों ने उसे गिरफ्तार किया था। हालांकि, डोमिनिका के एक प्रत्यक्षदर्शी के इस दावे से अलग चालबाज चोकसी ने एंटीगुआ पुलिस को कुछ और ही कहानी सुनाई है।
दो बार गिर गया था चोकसी
डोमिनिका निवासी प्रत्यक्षदर्शी हैरी बैरन का कहना है कि 24 मई को चोकसी जब कुछ दस्तावेज नष्ट करके कैरेबियाई सागर में बहा रहा था तभी पुलिस वहां पहुंची थी। भागने के क्रम में चोकसी दो बार गिर भी गया था। कैरेबियाई अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक चोकसी क्यूबा भागने के फिराक में था।
वकीलों की सलाह पर गढ़ी कहानी
गिरफ्तारी के बाद ही पुलिस को पता चला था कि उसके खिलाफ इंटरपोल ने रेड कार्नर नोटिस जारी किया है। राइटअप्स 24 की रिपोर्ट के मुताबिक चोकसी ने प्रत्यर्पण से बचने के लिए खुद के अपहरण की कहानी वकीलों की सलाह पर गढ़ी थी। चोकसी 13,500 करोड़ रुपये के पीएनबी घोटाले के मुख्य आरोपित नीरव मोदी का मामा है।
बंधक बनाने की शिकायत की
चोकसी ने एंटीगुआ व बारबुडा पुलिस से अपनी महिला मित्र बारबारा जबारिका और भारतीय अफसरों गुरमीत सिंह व नरेंद्र सिंह के खिलाफ खुद के अपहरण व बंधक बनाने की शिकायत की है। एंटीगुआ के सेंट जान थाने में की गई शिकायत में उसने आरोप लगाया है कि हमलावर उसे व्हील चेयर से बांधकर एक बड़ी बोट में साथ ले गए थे। वहां एक भारतीय अफसर ने उससे उसके विदेशी बैंक खातों का ब्योरा मांगा था।
चोकसी के भाई ने मीडिया हाउस को भेजा नोटिस
मेहुल के बड़े भाई चेतन चोकसी ने कैरेबियाई मीडिया हाउस एसोसिएट टाइम्स पर गत दिनों फर्जी व तथ्यहीन खबर प्रकाशित करने का आरोप लगाते हुए नोटिस भेजा है। मीडिया हाउस ने हाल ही में एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी, जिसमें कहा गया था कि चेतन चोकसी डोमिनिका आने के बाद विपक्ष के नेता लेनोक्स लिंटन से उनके घर पर मिला। दो घंटे तक चली मुलाकात में उसने लिंटन के सामने मामले को संसद में रखने का प्रस्ताव दिया और कहा कि इसके बदले वह चुनाव में चंदा देगा।