विदर्भ में बाढ़ से निपटने के लिए पुणे और नागपुर से रवाना हुई NDRF की टीम
विदर्भ में बाढ़ से निपटने के लिए NDRF की टीम नागपुर और पुणे से रवाना हो गई है।
पुणे, एएनआइ। महाराष्ट्र के विदर्भ के जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति के मद्देनजर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के जवानों की चार टीमों को पुणे से नागपुर ले जाया जा रहा है। इन टीमों को नागपुर और चंद्रपुर जिलों में अस्थायी रूप से तैनात किया जाएगा। फिलहाल, इससे जुड़ी अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
गौरतलब है कि पिछले दो दिनों से हुई बारिश के कारण विदर्भ में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। साथ ही बांधों में ज्यादा पानी भर जाने से इनसे छोड़े जा रहे पानी के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। अनेक पुलों के ऊपर से पानी गुजरने के कारण अनेक मार्ग बंद हो गए हैं। साथ ही गोंदिया जिले के कुछ गांवों में बाढ़ का पानी भर जाने से 150 लोगों को रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया गया है।
वहीं दूसरी तरफ मध्य प्रदेश में भी हालात खराब हो गए हैं। दरअसल, संजय सरोवर के दरवाजे खोल दिए गए हैं। इस वजह से गोंदिया जिले से बहनेवाली वैनगंगा और बाघ नदीं उफान पर हैं। नदियों के उफान पर होने के कारण गोंदिया एंव तिरोड़ा के अनेक गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी राजन चौबे ने बताया कि गोंदिया तहसील के जीरुटोला से आठ कासा ग्राम से 40 और तिरोड़ा तहसील के किंडगीपार के ढिवरटोला में अब तक 96 लोगों का रेस्क्यप करके सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
गौरतलब है कि देश के उत्तरी हिस्से में स्थित राज्यों में बाढ़ का कहर जारी है। मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर बिहार, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और असम में अलग-अलग स्तर की चेतावनियां जारी की हैं। भारी बारिश के चलते पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन से कई जगहों पर रास्ते बाधित हुए हैं। वहीं दूसरी तरफ बिहार और उत्तर प्रदेश के गांवों में अभी भी बाढ़ से बुरे हालात हैं।