अजीत पवार, राणे ने अब तक नहीं छोड़े सरकारी बंगले
महाराष्ट्र में कांग्रेस-राकांपा गठबंधन वाली पूर्व सरकार के 41 में से 22 मंत्रियों ने अब तक अपने सरकारी बंगले खाली नहीं किए हैं।
मुंबई। महाराष्ट्र में कांग्रेस-राकांपा गठबंधन वाली पूर्व सरकार के 41 में से 22 मंत्रियों ने अब तक अपने सरकारी बंगले खाली नहीं किए हैं। इनमें राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री और राकांपा नेता अजीत पवार और नारायण राणे जैसे वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हैं। जबकि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चह्वाण ने शुक्रवार शाम अपना सरकारी आवास 'वर्षा' खाली कर दिया। सूचना के अधिकार (आरटीआइ) के तहत यह जानकारी हासिल हुई है।
आरटीआइ कार्यकर्ता अनिल गगलानी के मुताबिक, पवार और राणे के अलावा छगन भुजबल, जयंत पाटिल, हर्षवर्धन पाटिल और पतंगराव कदम समेत 22 पूर्व मंत्रियों ने अब तक अपने सरकारी आवासों को नहीं छोड़ा है। वहीं, चह्वाण सरकार के 19 मंत्रियों ने अपने बंगले खाली कर दिए हैं। मजे की बात यह है कि पिछली सरकार में मंत्री रहे और हाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में शिवसेना और भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले उदय सावंत, संजय सवकारे, संजय देवताले और विजयकुमार गावित जैसे नेताओं ने भी अपने बंगले नहीं खाली किए हैं।