नहीं रहे सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज एमवाई इकबाल, 70 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस एमवाई इकबाल (MY Eqbal passed) का आज 70 साल की उम्र में निधन हो गया। वह मद्रास उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश थे। 10 दिन पहले उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गयी थी जिसके बाद उन्हें दिल्ली के मेदांता में भर्ती कराया गया था।
नई दिल्ली, एएनआइ। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस एमवाई इकबाल (MY Eqbal passed) का आज 70 साल की उम्र में निधन हो गया। न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) इकबाल, मद्रास उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश थे। दिसंबर 2012 में वह भारत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायधीश बने और फरवरी 2016 में सेवानिवृत्त हुए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 10 दिन पहले उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गयी थी, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के मेदांता में भर्ती कराया गया था। जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
13 फरवरी 1951 को हुआ था जन्म
जस्टिस एमवाई इकबाल का जन्म 13 फरवरी 1951 को हुआ था। वर्ष 1974 में रांची विवि से उन्होंने एलएलबी की डिग्री हासिल की थे। वह गोल्ड मेडलिस्ट रहे हैं। अपनी करियर की शुरुआत जस्टिस इकबाल ने वर्ष 1975 की थी। 9 मई 1996 में पटना हाईकोर्ट में वह जज बने। इसके बाद वे 14 नवंबर 2000 को झारखंड हाईकोर्ट के जज बने।
2016 में हुए थे रिटायर
रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद वे झारखंड हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस बनाए गए थे। वह 11 जून 2010 को मद्रास हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस भी बने थे। 24 नवंबर 2012 को वे सुप्रीम कोर्ट के भी जज नियुक्त किए गए थे। इसके बाद फरवरी 2016 में जस्टिस इकबाल रिटायर हुए थे।