Move to Jagran APP

Coronavirus: भारत में प्रति 10 लाख आबादी पर मृत्युदर और मामले सबसे कम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और गुजरात में पिछले दिन के मुकाबले नए मामले बढ़े हैं। दिल्ली में 2008 और गुजरात में 778 नए केस मिले हैं।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Tue, 07 Jul 2020 08:07 PM (IST)Updated: Tue, 07 Jul 2020 09:36 PM (IST)
Coronavirus: भारत में प्रति 10 लाख आबादी पर मृत्युदर और मामले सबसे कम
Coronavirus: भारत में प्रति 10 लाख आबादी पर मृत्युदर और मामले सबसे कम

जेएनएन, नई दिल्ली। कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के मामले में भारत भले ही दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। लेकिन अगर प्रति 10 लाख आबादी पर संक्रमित मामलों और मृत्युदर की बात करें तो अन्य देशों की तुलना में भारत की स्थिति बहुत बेहतर है। मरीजों के स्वस्थ होने की दर भी बढ़कर 61.13 फीसद हो गई है। एशिया की सबसे बड़ी झोपड़पट्टी मुंबई की धारावी बस्ती ने तो कोरोना को लगभग मात दे दी है। मंगलवार को धारावी में संक्रमण का मात्र एक मामला सामने आया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी है।

loksabha election banner

स्वास्थ्य मंत्रालय ने छह जुलाई की विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की स्थिति रिपोर्ट-168 के हवाले कहा कि भारत में प्रति 10 लाख आबादी पर मृत्यु 14.27 है, जो वैश्विक औसत 68.29 से बहुत कम है। अगर एक लाख आबादी पर मरने वालों की बात करें तो भारत में यह संख्या 1.42 बैठती है। ब्रिटेन में प्रति 10 लाख आबादी पर कोरोना महामारी से 651.4 लोगों की मौत हुई है। स्पेन में यह संख्या 607.1, इटली में 576.6, फ्रांस में 456.7 और अमेरिका में 391 है।

संक्रमित मरीजों के मामले में भी भारत की स्थिति दुनिया के अन्य देशों से बेहतर है। भारत में प्रति 10 लाख आबादी पर कोरोना के मामले 505.37 हैं, जबकि विश्व का यह औसत 1453.25 है। चिली में प्रति 10 लाख आबादी पर सबसे ज्यादा 15,459.25 मामले, पेरू में 9,070.8, अमेरिका में 8,560.5, ब्राजील में 7,419.1 और स्पेन में यह 5,358.7 मामले हैं। भारत में प्रति 10 लाख आबादी पर स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या भी सक्रिय मामलों से ज्यादा है। प्रति 10 लाख मरीज पर स्वस्थ हुए मरीजों का आंकड़ा 315.8 है, जबकि सक्रिय मामले 186.3 है।

मंत्रालय ने कहा है कि ऑक्सीजन की सुविधा वाले बेड, आइसीयू, वेंटिलेटर और अन्य स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने से कोरोना के हालात को काबू में रखने में मदद मिली है। सात जुलाई तक देश में पूरी तरह से कोरोना मरीजों के इलाज के लिए 1,201 कोविड अस्पताल, 2,611 कोविड हेल्थकेयर सेंटर और 9,909 कोविड केयर सेंटर थे।

पिछले चौबीस घंटे में 22,252 नए मामले मिले

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से मंगलवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे के दौरान 22,252 नए मामले सामने आए, 467 लोगों की मौत हुई और 15,515 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली है। लगातार पांचवें दिन 20 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। संक्रमितों का आंकड़ा 7,19,665 पर पहुंच गया है। अब तक 4,39,947 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और 2,59,557 सक्रिय मामले रह गए हैं। इस महामारी ने 20,160 लोगों की जान भी ले ली है।

राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ व अन्य स्त्रोतों से शाम सात बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक सोमवार देर रात से अब तक 15,878 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 7,27,756 पर पहुंच गया है। अब तक 4,41,617 मरीज पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं और सक्रिय मामले 2,65,601 ही हैं। इस महामारी से 20,538 लोगों की मौत हुई है। मंगलवार को 399 लोगों की जान गई, जिसमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 224, तमिलनाडु में 65, दिल्ली में 50, उत्तर प्रदेश में 18, गुजरात में 17, आंध्र प्रदेश में 13, ओडिशा व राजस्थान में चार-चार, हरियाणा में तीन और अरुणाचल प्रदेश में एक मौत शामिल है।

महाराष्ट्र में लगातार दूसरे दिन नए मामले हुए कम

मुंबई की धारावी झोपड़पट्टी ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में नई उम्मीद जगाई है। एशिया की सबसे बड़ी झोपड़पट्टी मानी जाने वाली इस बस्ती में संक्रमण के प्रसार को लगभग पूरी तरह से नियंत्रित कर लिया गया है। एक समय था जब यहां सौ से ज्यादा नए मामले मिल रहे थे, उसके मुकाबले मंगलवार को सिर्फ यहां सिर्फ एक मामले सामने आया। बस्ती में अब तक 2,335 संक्रमित पाए जा चुके हैं। वैसे महाराष्ट्र की बात करें तो यहां भी नए मामले कम हुए हैं। 5,134 नए केस मिले हैं जो पिछले कुछ दिनों से सामने आ रहे नए मामलों की तुलना में बेहद कम हैं। राज्य में संक्रमितों की संख्या 2,17,121 हो गई है। 9,250 लोगों की मौत भी हो चुकी है। 1,18,558 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और 89,294 सक्रिय मरीज हैं।

तमिलनाडु में 3,616 नए केस मिले

तमिलनाडु में समेत दक्षिण भारत के राज्यों में स्थिति खराब ही बनी हुई है। तमिलनाडु में 3,616 नए केस मिले हैं और मरीजों का आंकड़ा 1,18,594 पर पहुंच गया है। आंध्र प्रदेश में 1,178 नए केस मिले हैं और मामले 21,197 पर पहुंच गए हैं। केरल में 272 मामले सामने आए हैं और अब तक मिले संक्रमितों का आंकड़ा 5,894 हो गया है।

दिल्ली-गुजरात में भी मामले बढ़े

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और गुजरात में पिछले दिन के मुकाबले नए मामले बढ़े हैं। दिल्ली में 2,008 और गुजरात में 778 नए केस मिले हैं। दिल्ली में अब तक 1,02,831 संक्रमित मिले हैं और 3,165 लोगों की मौत हुई है। गुजरात में 39,636 मामले मिले हैं और 1,979 लोगों की जान जा चुकी है। पुडुचेरी में 32 केस मिले हैं और संक्रमितों की संख्या 1,041 हो गई है। गोवा में 90 मामले सामने आए हैं। यहां अब तक 1,903 मामले सामने आ चुके हैं।

उत्तर प्रदेश में करीब 30 हजार संक्रमित

उत्तर प्रदेश में सोमवार को रिकॉर्ड 1,332 नए मामलों मिले और संक्रमितों का आंकड़ा 29,968 पर पहुंच गया। राज्य में अब तक 827 लोगों की जान भी जा चुकी है। इसी तरह राजस्थान में 234 नए केस के साथ कुल मामले 20,922, ओडिशा में 571 नए केस के साथ 10,097 और हरियाणा में 495 नए संक्रमितों का साथ आंकड़ा 17,999 पर पहुंच गया है। हिमाचल प्रदेश में सिर्फ एक मामला सामने आया है। अब तक यहां 1,079 केस मिल चुके हैं।

पूर्वोत्तर में भी थम नहीं रहा संक्रमण

पूर्वोत्तर के राज्यों में भी नए संक्रमितों का मिलना जारी है। त्रिपुरा में 112, नगालैंड में 19 और मिजोरम में छह नए मामले मिले हैं और इन राज्यों में कुल मामले क्रमश: 1,693, 644 और 197 हो गए हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.