बिहार के पूर्व राज्यपाल आरएस गवई नहीं रहे
वयोवृद्ध दलित नेता और बिहार एवं केरल के पूर्व राज्यपाल आरएस गवई का आज दोपहर निधन हो गया। 86 वर्षीय गवई लंबे समय से बीमार थे और यहां के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। गवई की अंत्येष्टि उनके पैतृक गांव अमरावती जिले के दरियापुर में रविवार को
नागपुर। वयोवृद्ध दलित नेता और बिहार एवं केरल के पूर्व राज्यपाल आरएस गवई का आज दोपहर निधन हो गया। 86 वर्षीय गवई लंबे समय से बीमार थे और यहां के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
गवई की अंत्येष्टि उनके पैतृक गांव अमरावती जिले के दरियापुर में रविवार को राजकीय सम्मान के साथ की जाएगी। उनके परिवार में पत्नी कमल और दो बेटे हैं। बड़े बेटे न्यायमूर्ति भूषण गवई बांबे हाई कोर्ट की नागपुर पीठ में जज हैं और छोटे बेटे राजेंद्र रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (गवई गुट) के नेता हैं। पूर्व राज्यपाल गवई की पार्थिव देह न्यायमूर्ति गवई के आवास पर ले जायी गई और बाद में लोगों के अंतिम दर्शन के लिए दीक्षाभूमि में रखी गई।
रामकृष्ण सूर्यभान गवई का जन्म 30 अक्टूबर 1929 को हुआ। वह 1964 से 1994 तक महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य रहे। 1998 में वह अमरावती से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए। 2006 में उन्हें बिहार का राज्यपाल बनाया गया और फिर 2008 में केरल भेज दिया गया जहां वह अगस्त 2011 तक राज्यपाल के पद पर रहे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, राकांपा प्रमुख शरद पवार, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने गवई के निधन पर शोक जताया है।