विदेश मंत्रालय ने चीनी सरकार से भारतीयों को चीन की यात्रा करने की अपील की, प्रतिबंध हटाने और वीजा जारी करने को कहा
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने गुरुवार को बताया कि हम कोविड-19 से लेकर जुड़े प्रोटोकाल के पालन की गंभीरता को समझते हैं और उसका बखूबी पालन भी करते हैं। साथ ही हमें भारत और चीन के बीच दो-तरफा यात्रा को बहाल करने की जरूरत को समझना चाहिए।
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारत ने चीन से कहा कि वह भारतीय नागरिकों को उसके देश में आने दे। खासकर उन भारतीयों को जो उसके देश में नौकरी या पढ़ाई करते हैं। भारत ने चीन से दोतरफा यात्रा को मंजूरी देने को कहा है, चूंकि चीन से चीनी नागरिकों के भारत आने पर कोई रोक नहीं लगाई गई है। हालांकि विदेश मंत्रालय ने भारतीयों की वापसी के लिए चीनी पक्ष से लगातार संपर्क में होने की बात कही है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने गुरुवार को बताया कि हम कोविड-19 से लेकर जुड़े प्रोटोकाल के पालन की गंभीरता को समझते हैं और उसका बखूबी पालन भी करते हैं। साथ ही हमें भारत और चीन के बीच दो-तरफा यात्रा को बहाल करने की जरूरत को समझना चाहिए। ताकि भारतीय नागरिक भी चीन जा सकें। बागची ने कहा कि इस साल मार्च में चीनी दूतावास ने एक अधिसूचना जारी करके कहा था कि जो लोग चीनी वैक्सीन लगवाएंगे उन्हें चीन आने का वीजा जारी किया जाएगा। उन्हें पता है कि कई भारतीयों ने चीनी वैक्सीन लगवा भी ली है। वह उम्मीद करते हैं इन भारतीयों को जल्द ही चीन का वीजा दे दिया जाएगा।
चीन ने भारत से आने वाले यात्रियों के लिए पहले चीनी वैक्सीन लगवाने की शर्त लगाई थी। बहुत से भारतीयों ने चीन में वापसी के लिए इस शर्त का भी पालन किया, लेकिन अभी तक उन्हें चीन में वापस लौटने का परमिट नहीं दिया गया है। पिछले साल नवंबर से ही भारतीयों के चीन जाने पर रोक लगाई जा चुकी है। जबकि सीधे तौर पर कनेक्टिविटी नहीं होने के बावजूद चीनी नागरिक बिना रोक-टोक भारत आ-जा पा रहे हैं।