वैध वीजा वाले विदेशी पत्रकारों को भारत आने की अनुमति : गृह मंत्रालय
केंद्रीय गृह मंत्रालय की एक अधिसूचना के अनुसार वैध वीजा रखने वाले विदेशी पत्रकारों को परिवार के साथ भारत आने की अनुमति दे दी गई है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। सरकार ने वैध वीजा रखने वाले विदेशी पत्रकारों को परिवार के साथ भारत आने की अनुमति प्रदान कर दी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की एक अधिसूचना में कहा गया है कि भारत यात्रा के इच्छुक विदेशी नागरिकों की और अधिक श्रेणियों को वीजा एवं यात्रा प्रतिबंधों में और अधिक छूट देने की जरूरत पर विचार करने के बाद यह फैसला लिया गया। अधिसूचना के मुताबिक भारत में प्रवेश की पहले से अनुमति प्राप्त विदेशी नागरिकों की श्रेणियों के अलावा पत्रकार (जे-1) वीजाधारक विदेशी नागरिकों और जे-1एक्स वीजाधारक उनके आश्रितों को भारत में प्रवेश की अनुमति देने का फैसला लिया गया है। यदि उनके पास जे-1 या जे-1एक्स वीजा है जो निलंबित हो गया है, तो भारत में उनके प्रवेश के लिए ऐसे वीजा तत्काल प्रभाव से बहाल किए जाएंगे।
गृह मंत्रालय ने कहा, यदि इस तरह के वीजा की वैधता समाप्त हो गई है तो वे भारतीय दूतावासों से नए सिरे से जे-1 या जे-1एक्स वीजा हासिल कर सकते हैं। यह भी फैसला लिया गया है कि आव्रजन चेक पोस्ट के जरिये भारत आने वाले यात्रियों पर मौजूदा पाबंदियां विदेशी नागरिकों की इन श्रेणियों पर लागू नहीं होंगी। हालांकि, कोविड-19 से जुड़े विषयों में स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।
केंद्रीय गृह मंत्री एम्स में भर्ती
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि गृह मंत्री अमित शाह को देर रात करीब 2 बजे एम्स में भर्ती कराया गया था। उन्हें पुराने प्राइवेट वार्ड में रखा गया है। एम्स के मुताबिक, उनकी हालत सामान्य और स्थिर है। उन्हें सांस से संबंधित परेशानी बताई जा रही है। इस वजह से एम्स निदेशक डाॅ. रणदीप गुलेरिया के नेतृत्व में उनका इलाज चल रहा है। एम्स में भर्ती होने बाद गृहमंत्री अमित शाह की कोरोना जांच की रिपोर्ट निगेटिव आई है।