कल से सामान्य हो जाएगा दुबई के लिए उड़ानों का संचालन
स्पाइसजेट के मुताबिक, शनिवार से वह दुबई के लिए सभी नौ उड़ानों का संचालन कर रही है। जबकि एयर इंडिया और इंडिगो के मुताबिक, वे रविवार से सभी उड़ानों का संचालन करेंगी।
नई दिल्ली, प्रेट्र : भारत से दुबई के लिए विमानों की आवाजाही रविवार से सामान्य होने की उम्मीद है। बुधवार को दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान एमिरेट्स के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ था। स्पाइसजेट के मुताबिक, शनिवार से वह दुबई के लिए सभी नौ उड़ानों का संचालन कर रही है। जबकि एयर इंडिया और इंडिगो के मुताबिक, वे रविवार से सभी उड़ानों का संचालन करेंगी।
दुबई हवाई अड्डे पर क्रैश लैंडिंग के बाद रनवे की सीमित उपलब्धता के चलते भारतीय विमानन कंपनियों ने दुबई के लिए विमान सेवाओं में कमी कर दी थी। इंडिगो ने एक बयान में कहा कि कुल 11 उड़ानों में से सात का ही संचालन किया जा रहा है। रविवार से सभी उड़ानें फिर शुरू होंगी। जेट एयरवेज के मुताबिक, रविवार से मंगलौर से दुबई की उड़ान को छोड़कर सभी उड़ानें संचालित होंगी। दुबई-मंगलौर उड़ान शारजाह से प्रस्थान करेगी। एयर इंडिया ने भी कहा कि रविवार से वह दुबई के लिए सभी उड़ानें फिर शुरू करेगी।