विशाखापत्तनम में कोरोना वायरस से पहली मौत, राज्य में अबतक 1,463 लोग संक्रमित
विशाखापत्तनम शहर में जानलेवा वायरस से पहली मौत दर्ज की गई है। राज्य में अबतक 1463 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।
विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) एएनआइ। देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इस बीच विशाखापत्तनम शहर में जानलेवा वायरस से पहली मौत दर्ज की गई है। जानकारी के मुताबिक किडनी की बीमारी से ग्रसित 62 वर्षीय व्यक्ति को किंग जॉर्ज अस्पताल (KGH) में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में भर्ती होते ही उस आदमी का निधन हो गया। डॉक्टरों ने मृतक का कोरना परीक्षण कराया, जिसके बाद पता चला की वह कोरोना वायरस से संक्रमित था।
आंध्र मेडिकल कॉलेज (एएमसी) के प्रमुख सुधाकर ने कहा कि 2 वर्षीय व्यक्ति को किडनी की बीमारी के साथ केजीएच में भर्ती कराया गया था। उनका इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके शरीर को परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया था, लेकिन जब हमने उसकी जैांच की तब जाकर पता चला की वह कोरोना पॉजिटिव था। इसके बाद हमारी टीम मृतक के घर पहुंची और प्रोटोकॉल के अनुसार अंतिम संस्कार किया।
उन्होंने आगे कहा कि मृत व्यक्ति को गंभीर क्रोनिक किडनी रोग के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी मृत्यु के बाद उसे कोविज-19 से संक्रमित पाया गया था, लेकिन मौत का कारण अभी तक ज्ञात नहीं है। उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान मरीज के संपर्क में आने वाले अस्पताल के 20 कर्मचारियों को क्वारंटाइन कर दिया गया है।
बता दें कि विशाखापत्तनम में अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 27 हो गई है। इसमें से एक की मौत हुई है, जबकि 20 को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, आंध्र प्रदेश में अब तक 1,463 लोगों कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।
इस बीच, कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विशाखापत्तनम कलेक्टर ने स्वास्थ्य और पुलिस विभागों को शहर में दो नए मामलों के संपर्क व्यक्तियों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान चलाने का आदेश दिया है।