मध्य प्रदेश में पंचायत चुनाव से पहले रंजिश में गोलीबारी, एक की मौत व दो घायल
बताया जाता है कि वर्तमान सरपंच नीलम सिंह यादव ने आगामी ग्राम पंचायत चुनावों को देखते हुए आदिवासी मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से दावत रखी थी।
शिवपुरी, जेएनएन। मध्य प्रदेश में शिवपुरी जिले के गांव खड़ीचरा में पंचायत चुनाव से पहले रंजिश के चलते दो पक्षों में गोलीबारी हो गई। इसमें एक की मौत हो गई, वहीं दो लोग घायल हुए हैं। बताया जाता है कि यहां सरपंच व पूर्व सरपंच के गुट में पहले कहासुनी हुई, उसके बाद बात इतनी बढ़ी कि एक दूसरे पर गोलियां चला दीं। मौके पर पहुंची पुलिस पर भेदभावपूर्ण कार्रवाई के आरोप लगे तो उसे भी लोगों की नाराजगी का शिकार होना पड़ा। गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया।
बताया जाता है कि वर्तमान सरपंच नीलम सिंह यादव ने आगामी ग्राम पंचायत चुनावों को देखते हुए आदिवासी मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से दावत रखी थी। देवी के मंदिर में आदिवासियों को ट्रैक्टर ट्रॉली में भरकर बकरे की बलि चढ़ाने के लिए ले जाया जा रहा था।
पूर्व सरपंच ने रास्ते में जाकर रोका
इसकी जानकारी मिलते ही विरोधी पक्ष के पूर्व सरपंच महाराज कुंवर सिंह यादव ने उन्हें रास्ते में जाकर रोका। परिवार सहित पहुंचे कुंवर सिंह यादव ने नीलम सिंह यादव को रोकने का प्रयास किया। उसने कहा कि इस प्रकार के हथकंडे अपनाकर वोटरों को अपने पक्ष में न करें, वरना ठीक नहीं होगा।
बताया जाता है कि बदले में नीलम सिंह यादव ने गोली चला दी। इसमें मौके पर ही राजपाल नामक युवक की मौत हो गई। दूसरी तरफ से चली गोली में राजू और नीलम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद महाराज कुंवर सिंह यादव के परिजनों ने नीलम के ट्रैक्टर और जीप को आग के हवाले कर दिया। पुलिस पर हमले और घर में आग लगाने की जानकारी भी सामने आई, लेकिन पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की।
'बकरा खालो, ईमान मत बेचना'
बताया जाता है कि दोनों पक्ष चुनाव में सरपंच पद के दावेदार हैं। सरपंच नीलम यादव जब बस्ती से आदिवासियों को ट्रैक्टर ट्रॉली में बैठाकर ले जा रहा था, तभी कुंअर महाराज सिंह यादव और उसके परिवार वाले पहुंचे और आदिवासियों से कहा, 'बकरा भले ही खा लो पर अपना ईमान नहीं बेचना', यह बात नीलम यादव को खल गई। उसने लायसेंसी 12 बोर की बंदूक से फायर कर दिए।
एक पक्ष के 16 व दूसरे पक्ष के 12 पर केस दर्ज
पुलिस ने एक पक्ष के 16 तो दूसरे पक्ष के 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसपी राजेश चंदेल ने बताया कि नीलम यादव पक्ष पर हत्या और दूसरे पक्ष पर मारपीट सहित हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है।
एसपी शिवपुरी राजेश सिंह चंदेल
पंचायत चुनाव को लेकर दो पक्षों के बीच संघर्ष हुआ है। पुरानी रंजिश भी है। केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है। गांव में फोर्स तैनात कर दिया है। घटना के दौरान वाहनों को आग के हवाले किया गया है।