पत्नी के बदले उठा ले गए ससुर को, जानें क्या है पूरा मामला
मध्य प्रदेश के अशोकनगर में उत्तर प्रदेश निवासी चार लोगों पर अपहरण का मामला दर्ज किया गया है।
अशोकनगर (मध्य प्रदेश), जेएनएन। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में उत्तर प्रदेश निवासी चार लोगों पर अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। पारिवारिक विवाद में आरोपित पत्नी की जगह ससुर को उठा ले गए। यह धमकी भी दी कि बहन को हमारे पास छोड़ जाओ और पिता को ले जाओ।
पत्नी को ससुराल छोड़ने का बनाता था दबाव
पुलिस के मुताबिक, पाराशर मोहल्ला निवासी प्रिंस चावला (20) ने एफआइआर दर्ज कराई है कि उसकी बहन सुलेखा उर्फ सुमन की शादी दिल्ली के छचरौली निवासी रामसिंह उर्फ संजू खरब से हुई थी। बाद में वे लोग ग्रेटर नोएडा में रहने लगे। कालांतर में मनमुटाव के कारण सुलेखा ससुराल छोड़कर मायके आकर रहने लगी। जीजा रामसिंह अक्सर उसके पिता को फोन कर सुलेखा को ससुराल भेजने का दबाव बनाता था।
पिता को जबरन ले गए
प्रिंस का आरोप है कि 23 जनवरी को दोपहर करीब तीन बजे जीजा रामसिंह, उसका भाई अमन खरब, प्रीति खरब और उम्मेद खान सभी निवासी ग्रेटर नोएडा, अशोकनगर आए। चारों आरोपितों ने पिता धर्मपाल को जबरिया उठाया और वाहन में बैठाकर ले गए। उसके बाद जीजा ने फोन पर कहा कि तुम्हारी बहन सुलेखा के बदले हम तुम्हारे पिता को ले आए हैं। अब सुलेखा को हमारे पास ले आना और पिता को वापस ले जाना। पुलिस ने आरोपित रामसिंह उर्फ संजू खरब, अमन खरब, प्रीति खरब और उम्मेद खान निवासी ग्रेटर नोएडा जिला गौतमबुद्घनगर, उत्तर प्रदेश के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है।