केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के पूर्व चेयरमैन प्रमोद चंद मोदी बने राज्यसभा महासचिव
राज्यसभा सचिवालय द्वारा जारी एक आधिकारिक संदेश में कहा गया राज्यसभा के सभापति ने आइआरएस (सेवानिवृत्त) और केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद चंद्र मोदी को राज्यसभा के महासचिव के रूप में नियुक्त किया है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के पूर्व चेयरमैन प्रमोद चंद्र मोदी ने शुक्रवार को राज्यसभा के महासचिव के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने पीपीके रामाचार्युलु की जगह ली है। रामाचार्युलु को तीन महीने से भी कम समय पहले राज्यसभा महासचिव नियुक्त किया गया था। प्रमोद चंद्र को राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को ही महासचिव नियुक्त किया था।
राज्यसभा सचिवालय द्वारा जारी एक आधिकारिक संदेश में कहा गया, 'राज्यसभा के सभापति ने आइआरएस (सेवानिवृत्त) और केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद चंद्र मोदी को राज्यसभा के महासचिव के रूप में नियुक्त किया है।'
आदेश में कहा गया है कि प्रमोद चंद्र की नियुक्ति संविदा के आधार पर 12 नवंबर, 2021 दोपहर से 10 अगस्त, 2022 तक या अगले आदेश तक प्रभावी है। उनकी नियुक्ति संसद के शीतकालीन सत्र से पहले हुई है। संसद का शीतकालीन सत्र 29 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है।
रामाचार्युलु को एक सितंबर को नियुक्त किया गया था राज्यसभा का महासचिव
एक अन्य अधिसूचना में, राज्यसभा सचिवालय ने कहा कि रामाचार्युलु को 12 नवंबर दोपहर से उनके प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। सूत्रों ने बताया कि उन्हें अब राज्यसभा सचिवालय में सलाहकार नियुक्त किया गया है। रामाचार्युलु को एक सितंबर को राज्यसभा का महासचिव नियुक्त किया गया था।
बता दें कि प्रमोद चंद्र मोदी राज्यसभा एसजी के रूप में नियुक्त होने वाले पहले आइआरएस अधिकारी (IRS officer) हैं। वहीं, रामाचार्युलु इतिहास में एसजी के रूप में सबसे छोटा कार्यकाल रखने के मामले में सबसे नीचे हैं। उन्होंने 39 सालों तक आरएस सचिवालय में काम किया है।