चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश सरकार को चुनाव वाले जिलों में तबादले रद्द करने को कहा
चुनाव वाले जिलों में संयुक्त / उप कलेक्टरों के तबादलों को रद्द करने के लिए चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश सरकार को निर्दैश दिए हैं। मध्य प्रदेश में उपचुनावों को लेकर माहौल गर्म है। सभी प्रत्याशी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त दिख रहे हैं।
भोपाल, एएनआइ। मध्य प्रदेश में उपचुनावों को लेकर माहौल गर्म है। सभी प्रत्याशी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त दिख रहे हैं। इसी बीच भारत चुनाव आयोग की तरफ से बताया गया कि उनके द्वारा मध्य प्रदेश सरकार को निर्देश दिया गया है कि वह चुनाव वाले जिलों में 12 संयुक्त / उप कलेक्टरों के तबादलों को रद्द करे।
इससे पहले चुनाव आयोग के निर्देश पर बुधवार देर रात गृह विभाग ने दतिया के पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ को हटा दिया है। मंगलवार को चुनाव आयोग के निर्देश पर राज्य सरकार ने दतिया के कलेक्टर संजय कुमार को हटाकर बी विजय दत्ता को पदस्थ किया था। राठौड़ के स्थान पर भोपाल में साइबर सेल में अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक के तौर पर पदस्थ गुरकरण सिंह को पदस्थ किया गया।
बता दें कि पिछले महीने चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश, गुजरात, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर समेत कई प्रदेशों की 56 विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव की तारीख का ऐलान किया था। इन सीटों पर 3 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और 10 नवंबर को गिनती की जाएगी। हालांकि, चुनाव आयोग ने फैसला किया था कि असम, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल की 7 सीटों पर उपचुनाव नहीं होगा। बिहार से लोकसभा की एक सीट वाल्मीकि नगर पर भी उपचुनाव होगा। यहां मतदान 7 नवंबर को होगा तथा मतों की गिनती 10 नवंबर को होगी। इसके साथ ही मणिपुर की 4 विधानसभा सीट पर उपचुनाव 7 नवंबर को होगा।
मध्य प्रदेश की 28 सीटों पर चुनाव होना है। बसे ज्यादा 28 सीटें मध्य प्रदेश विधान सभा की हैं जहां उपचुनाव होंगे। यहां सामूहिक दल बदल से कई विधायक अयोग्य हुए थे। दूसरी ओर गुजरात की 8 सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तारीखों का एलान हो गया है।