Move to Jagran APP

आठ न्यायाधीश किए गए हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में प्रोन्नत, पांच मुख्य न्यायाधीशों का किया गया स्थानांतरण

कलकत्ता हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस राजेश बिंदल को इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में प्रोन्नत किया गया है। मेघालय के जस्टिस रंजित वी मोरे को उसी हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है।

By Arun Kumar SinghEdited By: Published: Sat, 09 Oct 2021 10:16 PM (IST)Updated: Sat, 09 Oct 2021 10:16 PM (IST)
आठ न्यायाधीश किए गए हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में प्रोन्नत, पांच मुख्य न्यायाधीशों का किया गया स्थानांतरण
आठ न्यायाधीश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में प्रोन्नत

नई दिल्ली, प्रेट्र। आठ न्यायाधीशों को विभिन्न हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में प्रोन्नत किया गया है। कानून मंत्रालय ने कहा कि विभिन्न हाई कोर्ट के पांच मुख्य न्यायाधीशों का स्थानांतरण भी किया गया है। कानून मंत्रालय के न्याय विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार, कलकत्ता हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस राजेश बिंदल को इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में प्रोन्नत किया गया है।

loksabha election banner

मेघालय के जस्टिस रंजित वी मोरे को उसी हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। कर्नाटक हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा को तेलंगाना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में प्रोन्नत किया गया है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के जस्टिस प्रकाश श्रीवास्तव को कलकत्ता हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस आरवी मालिमथ मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश होंगे।

इलाहाबाद हाई कोर्ट के जस्टिस रितु राज अवस्थी कर्नाटक हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश होंगे। इसी तरह कर्नाटक हाई कोर्ट के जस्टिस अरविंद कुमार को गुजरात हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में प्रोन्नत किया गया है। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा को आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। दूसरी तरफ त्रिपुरा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एए कुरैशी को राजस्थान हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में स्थानांतरित किया गया है।

राजस्थान हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस इंद्रजीत महंती को मुख्य न्यायाधीश के रूप में त्रिपुरा हाई कोर्ट भेजा गया है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस मुहम्मद रफीक को हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। मेघालय हाई कोर्ट की अगुआई करने वाले जस्टिस बिस्वनाथ सोमादेर को सिक्किम हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदस्थ किया गया है। आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट की अगुआई कर रहे जस्टिस एके गोस्वामी को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.