डीएमके कार्यकर्ताओं ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री बांटकर मनाया उदयनिधि स्टालिन का जन्मदिन
तमिलनाडु में बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के चलते आई बाढ़ से काफी नुकसान हुआ है। ऐसे में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के कार्यकर्ताओं ने भारी बारिश से प्रभावित लोगों को राहत सामग्री बांटकर उदयनिधि स्टालिन का जन्मदिन मनाया।
चेन्नई, एएनआइ। तमिलनाडु में बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। जन जीवन बुरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के चलते आई बाढ़ से काफी नुकसान भी हुआ है। ऐसे में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के कार्यकर्ताओं ने भारी बारिश से प्रभावित लोगों को राहत सामग्री बांटकर उदयनिधि स्टालिन का जन्मदिन मनाया।
राहत सामग्री बांटकर मनाया गया जन्मदिन
भीषण बारिश से दक्षिण के राज्यों में चारों और उथल-पुथल मची हुई है। कई इलाकों में आई बाढ़ से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सैकड़ों लोग बेघर हो गए। ऐसे में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के कार्यकर्ताओं द्वारा एक अनूठा कदम उठाया गया। जिसमें डीएमके कार्यकर्ताओं ने बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित करके द्रमुक युवा विंग सचिव और पार्टी अध्यक्ष एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन का जन्मदिन मनाया। तमिलनाडु के शिक्षा मंत्री अंबिल महेश, विधायक एझिलन, सांसद कलानिधि वीरसामी ने तेनमपेट इलाके में भीषण बारिश से प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की।
क्या कहा शिक्षा मंत्री अंबिल मगेश ने
पत्रकारों से बातचीत करते हुए, शिक्षा मंत्री, अंबिल मगेश ने कहा, 'हम अपनी पार्टी के युवा विंग सचिव और हमारे मित्र उदयनिधि का जन्मदिन बारिश से प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित करके मना रहे हैं। हम जन्मदिन पटाखे जलाकर नहीं बल्कि जरूरतमंदों को राहत सामग्री देकर मना रहे हैं।'
मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से बताया गया है कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन लगातार हो रही भारी बारिश के कारण राज्य की स्थिति पर चर्चा करने के लिए राज्यपाल आरएन रवि से मुलाकात कर रहे हैं।
रेड और ऑरेंज किया गया जारी अलर्ट
आपको बता दें कि लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से नागपट्टनम और कुड्डालोर सबसे अधिक प्रभावित जिले हैं। वहीं चेन्नई मौसम विभाग ने शुक्रवार को सभी तटीय जिलों को आज तक के लिए रेड अलर्ट और आसपास के जिलों को आरेंज अलर्ट दिया था।