Move to Jagran APP

भाजपा के असंतुष्ट नेता यशवंत सिन्हा ने बनाया केंद्र के खिलाफ 'राष्ट्र मंच', शत्रुघ्न भी हुए शामिल

भाजपा से कई महीनों की तल्खी के बाद असंतुष्ट नेता यशवंत सिन्हा ने मंगलवार को एक राजनीतिक मंच की शुरुआत की।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Tue, 30 Jan 2018 10:48 PM (IST)Updated: Tue, 30 Jan 2018 10:49 PM (IST)
भाजपा के असंतुष्ट नेता यशवंत सिन्हा ने बनाया केंद्र के खिलाफ 'राष्ट्र मंच', शत्रुघ्न भी हुए शामिल
भाजपा के असंतुष्ट नेता यशवंत सिन्हा ने बनाया केंद्र के खिलाफ 'राष्ट्र मंच', शत्रुघ्न भी हुए शामिल

नई दिल्ली, प्रेट्र। भाजपा से कई महीनों की तल्खी के बाद असंतुष्ट नेता यशवंत सिन्हा ने मंगलवार को एक राजनीतिक मंच की शुरुआत की। इसमें भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की अगुआई में कई राजनेता शामिल हुए। नए राजनीतिक प्लेटफार्म को 'राष्ट्र मंच' नाम दिया गया है।

loksabha election banner

-केंद्र की नीतियों के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगा राजनीतिक कार्रवाई समूह

देश के वित्त मंत्री रह चुके यशवंत सिन्हा ने बताया कि राष्ट्र मंच एक राजनीतिक कार्रवाई समूह है, जो केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने मौजूदा स्थिति की तुलना 70 साल पहले के समय से की, जब महात्मा गांधी की आज ही के दिन हत्या कर दी गई थी। कहा, वर्तमान में लोकतंत्र और उसकी संस्थाओं पर हमले हो रहे हैं। उन्होंने सरकार पर अपने हितों के अनुरूप 'मनगढ़ंत' आंकड़े पेश करने का आरोप लगाया। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्र मंच एक गैर दलीय राजनीतिक कार्रवाई समूह होगा। यह किसी पार्टी के खिलाफ नहीं है। मंच राष्ट्रीय मुद्दों पर जोर देने के लिए कार्य करेगा। यह कोई संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रीय आंदोलन है।

शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, वह इसमें इसलिए शामिल हुए हैं, क्योंकि उनकी पार्टी ने अपनी राय जाहिर करने के लिए उन्हें मंच नहीं दिया। हालांकि मोर्चे का समर्थन करने के उनके फैसले को पार्टी विरोधी गतिविधि के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, क्योंकि यह राष्ट्र हित में है।

तृणमूल कांग्रेस सांसद दिनेश त्रिवेदी, कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी, राकांपा सांसद मजीद मेमन, आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री सुरेश मेहता और जदयू नेता पवन वर्मा उन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने मोर्चा शुरू करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। रालोद नेता जयंत चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सोमपाल और हरमोहन धवन भी उक्त कार्यक्रम में मौजूद थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.