राजधानी फिर शर्मसार, 48 घंटे में तीन बलात्कार
दो दिन में राजधानी में रेप की तीन वारदातें सामने आई हैं। चलती बस में छात्रा के साथ गैंगरेप किया, दूसरी घटना में न्यू अशोक नगर इलाके में घर में घुसकर युवती को हवस का शिकार बनाया गया, वहीं तुर्कमान गेट इलाके में ब'ची के साथ दुष्कर्म हुआ।
नई दिल्ली। बीते 48 घंटे में राजधानी में रेप की तीन वारदातें सामने आई हैं। चलती बस में छात्रा के साथ गैंगरेप किया, दूसरी घटना में न्यू अशोक नगर इलाके में घर में घुसकर युवती को हवस का शिकार बनाया गया, वहीं तुर्कमान गेट इलाके में बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ। तीनों वारदातें पुलिस प्रशासन और सरकार की नाकामी बयां करती हैं। देश की राजधानी दिल्ली जो राजनीति का अखाड़ा है, जहां प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था के तगड़े दावे करता है, वहां सड़क पर चलती महिलाएं हों या ऑफिस में काम कर रही प्रोफेशनल्स कोई भी सुरक्षित नहीं। जिस वाहन में वह सवार होती हैं उन्हें पता भी नहीं होता है कि उनके साथ क्या हो जाए। आलम यह कि राजधानी को रेप कैपिटल कहा जाना लगा है।
इन घटनाओं से तो ऐसा ही मालूम पड़ता है कि भीड़-भाड़ भरा इलाका हो या सुनसान सड़के हर जगह महिलाओं को अपनी हिफाजत खुद ही करनी होगी। हमेशा वाहनों की कतार से भरे रहने वाले सड़क मार्ग पर रविवार रात चलती बस में युवती के साथ गैंगरेप की वारदात कुछ ऐसी ही दास्तां बयां करती है। हर मामले में पुलिस प्रशासन की खामोशी उनकी कमजोरी साफ बता देती है। ऐसे में सवाल उठता है कि राजधानी की सड़कों पर युवतियों की अस्मत तार-तार होने का यह सिलसिला आखिर कब थमेगा?
दिल्ली पुलिस के आंकड़ों पर नजर डालें तो छह साल बाद दुष्कर्म के सर्वाधिक 635 मामले इस साल (15 दिसंबर तक) दर्ज किए गए हैं। साल 2005 में 660 दुष्कर्म के मामले दर्ज हुए थे। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी कहते हैं रविवार को सामने आया मामला धौलाकुआं गैंगरेप कांड से भी बड़ा है। वर्ष 2011 में दिल्ली में रेप के 572 मामले सामने आए हैं, जबकि मुंबई में 239 वारदात हुई है।
हालांकि, वह यह भी कहते हैं कि युवती और उसके बॉयफ्रैंड को बिना रूट की खाली बस में सवार होते समय सावधानी बरतनी चाहिए थी। जानकारों की मानें तो कहीं न कहीं यह इस बात का भी संकेत है कि अपराधियों में पुलिस और कानून का खौफ खत्म हो रहा है। इसकी मूल वजह कहीं न कहीं पुलिसिया लापरवाही ही है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी बताते हैं कि पुलिस व कानून अपना काम करता है लेकिन दुष्कर्म व छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सामाजिक जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। रात 9 से 11 बजे सर्वाधिक असुरक्षित समय राजधानी की पौने दो करोड़ की आबादी की सुरक्षा पंद्रह हजार जवानों के कंधों पर होती है। दिल्ली पुलिस में करीब 80 हजार जवान हैं।
एक आला अधिकारी की मानें तो दिल्ली पुलिस का बड़ा अमला वीवीआइपी सुरक्षा में लगा रहता है। ट्रैफिक, क्राइम ब्रांच, स्पेशल ब्रांच, महिला अपराध शाखा, आर्थिक अपराध शाखा, लाइसेंसिंग यूनिट को बाहर निकाल दिया जाए तो शिफ्ट के हिसाब से पुलिस थाने एवं पीसीआर मिलाकर एक समय में बमुश्किल पंद्रह हजार पुलिसकर्मी ड्यूटी पर नजर आते हैं। दूसरा रात में नौ बजे पुलिस की पेट्रोलिंग बंद हो जाती है। नाइट स्टाफ की पेट्रोलिंग रात 11 के बाद शुरू होती है। इस हिसाब से रात 9 से 11 का समय ऐसा होता है जब बहुत कम पुलिस बल सड़कों पर मुस्तैद होते हैं।
गौरतलब है कि न्यू अशोक नगर इलाके में घर में घुसकर युवती को हवस का शिकार बनाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दे डाली। घटना के कई दिन बाद युवती ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी शमीम को गिरफ्तार कर लिया है और छानबीन कर रही है। 24 वर्षीय युवती परिजनों के साथ न्यू अशोक नगर में रहती है। गत 28 नवंबर को युवती घर में अकेली थी। इसी दौरान युवती को अकेला देखकर शमीम घर में घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
दूसरी ओर चांदनी महल थाने के अंतर्गत तुर्कमान गेट इलाके में युवक ने छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म किया। बच्ची ने घर लौटने पर आपबीती परिजनों को बताई। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत चांदनी महल थाना पुलिस को दी। वारदात की जानकारी मिलने पर परिजन व पड़ोसी तुर्कमान गेट चौकी पर इकट्ठे हो गए तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जमकर बवाल काटा। पुलिस बच्ची को लोक नायक अस्पताल ले गई। वहां दुष्कर्म की पुष्टि के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक राशिद को गिरफ्तार कर लिया गया। वह मायापुरी में टायर की दुकान में मजदूरी करता है।
मध्य जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बच्ची परिवार के साथ तुर्कमान गेट के डीडीए फ्लैट इलाके में रहती है। उसके पिता जामा मस्जिद इलाके में छोटा-मोटा काम करते हैं। बच्ची के पड़ोस में राशिद अकेला रहता है। रविवार की रात बच्ची के परिजन घर के अंदर थे। राशिद बच्ची को घर के बाहर से फुसलाकर अपने कमरे में ले गया तथा मुंह बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर