सीआरपीएफ के जवान ने गोली मारकर की खुदकुशी, छुट्टी बिता वापस पोस्ट पर जा रहा था
दंतेवाड़ा के गीदम बस स्टैंड पर बस के भीतर गोली चलने से हरियाणा के कथुरा (सोनीपत) निवासी सीआरपीएफ जवान विनीत नरवाल (22) की मौत हो गई।
दंतेवाड़ा, जेएनएन। दंतेवाड़ा के गीदम बस स्टैंड पर बस के भीतर गोली चलने से हरियाणा के कथुरा (सोनीपत) निवासी सीआरपीएफ जवान विनीत नरवाल (22) की मौत हो गई। सीआरपीएफ डीआइजी ने इसे आत्महत्या की घटना बताया है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। यह जानकारी हमारे सहयोगी अखबार नई दुनिया ने दी।
गोली बस के छत को भी छेद गई
सोमवार को सीआरपीएफ 170वीं बटालियन का जवान 15 दिन की छुट्टी मनाकर लौट रहा था। वह यात्री बस से बीजापुर जा रहा था। चाय-नाश्ते के लिए बस गीदम बस स्टैंड पर रुकी। इस दौरान बस में सवार अन्य जवान नीचे उतर गए। एकाएक बस के भीतर गोली चलने की आवाज आई। इससे हड़कंप मच गया।
नीचे उतरे जवान दौड़कर बस के भीतर पहुंचे तो विनीत खून से लथपथ पड़ा था। सर्विस राइफल करीब पड़ी थी। गोली उसके सीने के आरपार हो गई थी। बस की छत में भी छेद हो गया था। आशंका जताई जा रही है कि गोली जवान के सीने को चीरते हुए बस की छत के पार हो गई होगी। विनीत को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पारिवारिक विवाद भी हो सकता है वजह
सीआरपीएफ के डीआइजी डीएन लाल इसे खुदकुशी बताया है। हालांकि कारण स्पष्ट नहीं है। बस्तर आइजी पी. सुंदरराज ने कहा कि जवान अक्सर छुट्टी से वापसी या जाने के दौरान आत्मघाती कदम उठाते हैं। ऐसा पारिवारिक विवाद की वजह से हो सकता है। इसकी पड़ताल की जा रही है।