CPI-M ने भाजपा-आरएसएस से लड़ने के लिए उपलब्ध कराया साझा मंच: करात
करात ने सरकारी क्षेत्र के निजीकरण जैसे विमानन और यहां तक कि रेलवे के निजीकरण के लिए सरकार की पहल की आलोचना की।
अगरतला, एएनआइ। प्रकाश करात का कहना है कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (सीपीआई-एम) एक आम मंच तैयार कर रही है, जिसके तहत राष्ट्रीय स्तर पर सभी वर्गों और धर्मनिरपेक्ष-लोकतांत्रिक ताकतों के विभिन्न राजनीतिक और जन संगठन इकट्ठा होकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की गलत योजनाओं के खिलाफ लड़ें, जिसे वो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के माध्यम से लागू करा रही है।
सीपीआई (एम) पॉलिट ब्यूरो के सदस्य और पूर्व पार्टी महासचिव प्रकाश करात ने बुधवार को अगरतला में अक्टूबर क्रांति के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष में रखे गए एक कार्यक्रम को संबोधित करते भाजपा और आरएसएस पर हमला किया। उनके अनुसार, अक्टूबर क्रांति साम्राज्यवाद के खिलाफ एक लहर को उकसाने और दुनिया भर में एक नई लोकतांत्रिक व्यवस्था को गति देने के लिए जिम्मेदार थी। अब भारत में भी नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार का विरोध करने के लिए इसी तरह की क्रांति की आवश्यकता है, जो नीतियों में बदलाव कर देश की संप्रभुता के लिए खतरे पैदा कर रही है।
करात ने सरकारी क्षेत्र के निजीकरण जैसे विमानन और यहां तक कि रेलवे के निजीकरण के लिए सरकार की पहल की आलोचना की। उनके अनुसार ये सब कुछ उद्योगपतियों को मदद पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। करात ने दावा किया कि साम्यवादियों ने साम्राज्यवादी ब्रिटिश शासकों के खिलाफ भारत की स्वतंत्रता संग्राम में सबसे बड़ा बलिदान दिया है।
करात ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा-आरएसएस अपने अंतिम राष्ट्रीय कार्यकारी सम्मेलन के फैसले के अनुसार, 'लाल और जिहाद आतंक' के नाम पर पश्चिम बंगाल के अलावा केरल और त्रिपुरा जैसे सीपीआई-एम शासित राज्यों को अस्थिर करने और परेशान करने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें: पटना में बोले यशवंत सिन्हा- भाजपा ने उच्च नैतिकता का आधार खो दिया