Covid 19 Vaccnation: एक दिन में रिकॉर्ड 43 लाख टीकाकरण, अब तक लगाई जा चुकी हैं करीब साढ़े आठ करोड़ डोज
मंत्रालय के मुताबिक अब तक लगाए गए कुल टीकों में से 60 प्रतिशत डोज सिर्फ आठ राज्यों- महाराष्ट्र गुजरात राजस्थान उत्तर प्रदेश बंगाल कर्नाटक मध्य प्रदेश और केरल में दी गई हैं। कुल 8.31 करोड़ डोज में से सर्वाधिक 81.27 लाख डोज महाराष्ट्र में दी गई हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान में देश में पिछले 24 घंटों में 43 लाख से अधिक कोरोना रोधी टीका लगाया गया। अब तक एक दिन में दी गई डोज के लिहाज से यह सर्वाधिक है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मंगलवार सुबह सात बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक अब तक टीकों की कुल 8.31 करोड़ डोज दी जा चुकी हैं। मंत्रालय के मुताबिक 16 जनवरी से शुरू हुए टीकाकरण अभियान के 80वें दिन सोमवार को टीके की कुल 43,00,966 डोज दी गईं जिनमें से 39,00,505 लाभार्थियों को पहली खुराक, जबकि 4,00,461 लाभार्थियों को दूसरी खुराक दी गई। इनको मिलाकर अब तक कोरोना रोधी टीके की कुल संख्या 8.31 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है। इसमें 7.22 करोड़ लोगों को पहली डोज दी गई है।
मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 12.83 लाख से अधिक सत्रों के माध्यम से लाभार्थियों को 8.31 करोड़ टीके लगाए गए हैं। इनमें 89.60 लाख स्वास्थ्यकर्मी (पहली डोज), 53.71 लाख स्वास्थ्यकर्मी (दूसरी डोज), 97.28 लाख फ्रंटलाइन वर्कर्स (पहली डोज) और 42.64 लाख फ्रंटलाइन वर्कर्स (दूसरी डोज) शामिल हैं। इसके अलावा 45 साल से अधिक उम्र के 5.35 करोड़ लोगों को पहली डोज और 1.19 करोड़ से अधिक लोगों को टीके की दूसरी डोज भी दी जा चुकी है।
आठ राज्यों में लगाए गए 60 फीसद टीके
मंत्रालय के मुताबिक अब तक लगाए गए कुल टीकों में से 60 प्रतिशत डोज सिर्फ आठ राज्यों- महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बंगाल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और केरल में दी गई हैं। कुल 8.31 करोड़ डोज में से सर्वाधिक 81.27 लाख डोज महाराष्ट्र में दी गई हैं। इसके बाद गुजरात में 76.89 लाख, राजस्थान में 72.99 लाख, उत्तर प्रदेश में 71.98 लाख और बंगाल में 65.41 लाख टीके लग चुके हैं।
केंद्र ने 45 साल से अधिक उम्र कर्मचारियों से टीका लेने को कहा
केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को प्रभावी तरीके से रोकने के उद्देश्य से 45 साल और इससे अधिक उम्र के अपने सभी कर्मचारियों को कोरोना रोधी टीका लगवाने के लिए कहा है। कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि कर्मचारियों को टीकाकरण के बाद भी कोरोना से बचाव के दिशा निर्देशों का पालन करने का सुझाव दिया गया है, जिसमें लगातार हाथ धोना, सेनेटाइजेशन, मास्क या फेस कवर पहनना और शारीरिक दूरी बनाए रखना शामिल हैं।
स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स का मौके पर पंजीकरण सिर्फ सरकारी केंद्रों पर
केंद्र सरकार ने कहा है कि कोरना रोधी टीका लगवाने के लिए 18 से 44 साल आयु वर्ग के स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स का सिर्फ सरकारी टीका केंद्रों में ही मौके पर पंजीकरण की सुविधा होगी। ऐसे कर्मचारियों को मूल फोटो पहचान पत्र और नियुक्ति संबंधी प्रमाणपत्र पेश करना होगा। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सोमवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भेजे पत्र में इसकी स्पष्ट जानकारी दे दी थी।
18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों का टीकाकरण हो
देश में कोरोना वायरस के तेज होते प्रसार को देखते हुए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों का टीकाकरण शुरू करने की अपील की है। प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में आइएमए ने कहा है कि 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को अपने पास के टीका केंद्र पर जाकर मुफ्त में टीका लगवाने की अनुमति दी जानी चाहिए। आइएमए ने निजी अस्पतालों के साथ ही छोटे-छोटे क्लीनिक को भी टीकाकरण अभियान में बड़े पैमाने पर शामिल करने का सुझाव दिया है।