Move to Jagran APP

Lockdown News Update: UP और बिहार समेत देश के कई राज्यों में लॉकडाउन, पुणे में कल से होगा लागू

Lockdown AGAIN कोरोना वायरस (COVID-19)के बढ़ते मामलों के बीच उत्तर प्रदेश बिहार पश्चिम बंगाल और केरल समेत कई राज्यों में लॉकडाउन लगाने या बढ़ाने का एलान किया गया है।

By TaniskEdited By: Published: Sat, 11 Jul 2020 03:12 PM (IST)Updated: Sun, 12 Jul 2020 12:58 PM (IST)
Lockdown News Update: UP और बिहार समेत देश के कई राज्यों में लॉकडाउन, पुणे में कल से होगा लागू
Lockdown News Update: UP और बिहार समेत देश के कई राज्यों में लॉकडाउन, पुणे में कल से होगा लागू

नई दिल्ली, एजेंसियां। कोरोना वायरस (COVID-19)के बढ़ते मामलों के बीच उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, असम समेत कई राज्यों में लॉकडाउन लगाने या बढ़ाने का एलान किया है। मुंबई के ठाणे में 19 जुलाई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। इसके अलावा पुणे में 13 जुलाई से 10 दिनों के लिए लॉकडाउन लगाया जाएगा। कोरोना के नए मामलों के मद्देनजर लॉकडाउन को ज्यादातर राज्यों में क्षेत्रवार रूप से लागू किया गया है। इस दौरान आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले प्रतिष्ठानों के छोड़कर अन्य दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। लोगों को घरों के अंदर रहने और जब तक बहुत जरूरी ना हो, घरों से बाहर नहीं निकलने को कहा गया है। 

loksabha election banner

UP Lockdown: हर हफ्ते में दो दिन मिनी लॉकडाउन लगाने का फैसला

कोरोना मामलों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में 50 घंटे से अधिक समय तक सख्त लॉकडाउन लागू किया गया है। यूपी में 10 जुलाई को रात 10 बजे शुरू हुआ लॉकडाउन 13 जुलाई सुबह 5 बजे तक जारी रहेगा।  इस दौरान केवल दूध, फल और सब्जियां जैसे अन्य आवश्यक चीजें बेचने वाली दुकानें खोलने की अनुमति है। इसके बाद अब राज्य सरकार ने हर हफ्ते में दो दिन (शनिवार और रविवार) मिनी लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। इस दौरान सूबे में अब सिर्फ पांच दिन कार्यालय और बाजार खुलेंगे। 

Karnataka Lockdown: 14 जुलाई से एक सप्ताह के लिए पूर्ण लॉकडाउन लगाने की घोषणा

कर्नाटक सरकार ने राज्य में कोरोना के तेजी बढ़ते मामलों के बीच शनिवार को बेंगलुरू शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में 14 जुलाई से एक सप्ताह के लिए पूर्ण लॉकडाउन लगाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने एक बयान में कहा कि राज्य में रोजाना कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने के बीच विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर यह कदम उठाया गया है।

कामरूप में लॉकडाउन बढ़ाने का सुझाव 

असम की नागरिक समितियों ने कामरूप मेट्रोपॉलिटन में अगले दो हफ्ते के लिए लॉकडाउन बढ़ाए जाने का सुझाव दिया है। असम के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री हिमंत विस्‍व सरमा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग एक हफ्ते तक लॉकडाउन बढ़ाने के पक्ष में है। इस संबंध में कल एक अधिसूचना जारी की जाएगी। 

Bihar Lockdown: 11 जिलों मे फिर से लगी बंदिशें

बिहार में भी कोरोना का प्रकोप बढ़ने के कारण लॉकडाउन लगाया गया है। इसके मद्देनजर 11 जिलों में फिर से लॉकडाउन लगा दिया गया है। यहां कई जिलों में अलग-अलग अवधि तक के लिए लॉकडाउन लगाया है। राजधानी पटना के साथ ही कैमूर, बक्सर, नवादा, सुपौल, मधेपुरा, खगड़िया, मुंगेर, किशनगंज, मुजफ्फरपुर,पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, नालंदा, भागलपुर, बेगूसराय, मधेपुरा में लॉकडाउन लागू है। बेगूसराय 11 से 16 जुलाई तक, नालंदा 11 से 15 जुलाई तक, मुंगेर 10 से 16 जुलाई तक मधेपुरा 10 से 16 जुलाई तक, खगड़िया 10 से 14 जुलाई तक, मुजफ्फरपुर हफ्ते में दो दिन बंदी, पटना में 10 जुलाई से 16 जुलाई तक, बक्सर में 10 जुलाई से 12 जुलाई तक, नवादा में 10 जुलाई से 12 जुलाई तक लॉकडाउन लागू है। 

Thiruvananthapuram Lockdown : कंटेनमेंट जोन में ट्रिपल लॉकडाउन

केरल के तिरुअनंतपुरम में शुक्रवार को एक सप्ताह के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया गया। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इसकी घोषणा की। साथ ही कहा कि कंटेनमेंट जोन में ट्रिपल लॉकडाउन लागू होगा। इसी के मद्देनजर आज शहर में सड़कों पर निकले लोगों की पुलिसकर्मियों ने आइडी कार्ड चेक किया। 

Uttrakhand Lockdown: शादी समारोह में शामिल हुए 24 लोग पॉजिटिव, दो दिन संपूर्ण लॉकडाउन

उत्तराखंड के काशीपुर नगर निगम क्षेत्र में दो दिन तक संपूर्ण लॉकडाउन लगाया गया है। यहां शादी समारोह में शामिल हुए 24 लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद  स्थानीय प्रशासन ने काशीपुर में तत्काल प्रभाव से दो दिन के लॉकडाउन की घोषणा कर दी है। शनिवार सुबह दस बजे यह लागू हो गया है।

West Bengal Lockdown:  23 जिलों में 20 में कंटेनमेंट जोन 

पश्चिम बंगाल में गुरुवार शाम 5 बजे से एक सप्ताह के लिए लॉकडाउन लागू है। राज्य के 23 जिलों में 20 में कंटेनमेंट जोन हैं। निजी और सार्वजनिक वाहनों पर रोक लागू है, जबकि सभी आवश्यक समान बेचने वाली वाली दुकानों को छोड़कर अन्य सभी बंद हैं। कंटेनमेंट जोन में लोगों के आने-जाने से रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाए गए हैं। कुछ क्षेत्रों में, आवश्यक वस्तुओं वाली दुकानों को सिर्फ चार घंटे के लिए खोलने की अनुमति दी गई है।  कोलकाता में 25, उत्तर 24 परगना में 93, दक्षिण 24 परगना में 54 और हावड़ा में 56 कंटेनमेंट जोन हैं। ये शीर्ष चार हॉटस्पॉट वाले जिले हैं।

Maharashtra Lockdown: 10 दिनों तक लागू होंगी पाबंदियां

कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए, पुणे, पिंपरी- चिंचवाड़ और जिले के कुछ अन्य हिस्सों में 13 जुलाई से 10 दिनों का लॉकडाउन लगाया जाएगा। लॉकडाउन 13 जुलाई की मध्यरात्रि से लागू होगा और 23 जुलाई को समाप्त होगा। पुणे नगरपालिका आयुक्त शेखर गायकवाड़ ने कहा कि लॉकडाउन के बारे में एक विस्तृत आदेश जल्द ही जारी किया जाएगा। वहीं ठाणे में लॉकडाउन 19 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है। 2 जुलाई से 12 जुलाई तक जो लॉकडाउन लगाया गया था, उसे बढ़ाया दिया गया है। अब लॉकडाउन 12 जुलाई से 19 जुलाई तक लागू रहेगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.