Coronavirus: भारत ने ईरान सहित कई देशों के नागरिकों का वीजा किया रद
भारत में कोरोना वायरस के मामला सामने आने के बाद एहतियात के तौर पर इटली ईरान दक्षिण कोरिया और जापान के लोगों का वीजा रद कर दिया है।
नई दिल्ली, एजेंसी। दुनिया के कई देशों में कोरोना वायरस अपना कहर बरपा रहा है। दिल्ली में एक व्यक्ति का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आने के साथ ही भारत में भी इसने दस्तक दे दी है। वहीं, सरकार इसे लेकर काफी सतर्क हो गई है। दरअसल, भारत द्वारा ईरानी नागरिकों को जारी किया गया ई वीजा को रद्द करने का फैसला किया है।
भारत ने कई देशों से इस वायरस से संक्रमित 3000 से अधिक लोगों की मौत को देखते हुए इटली, ईरान, दक्षिण कोरिया और जापान के नागरिकों के लिए वीजा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। देश में कोरोना वायरस के दो और पॉजिटिव मामले सामने आने के एक दिन बाद सरकार ने मेडिकल स्क्रीनिंग तेज कर दी है। नियमित रूप से इटली, ईरान, दक्षिण कोरिया, जापान के नागरिकों को 3 मार्च को या उससे पहले जारी किए गए वीजा / ई-वीजा, जिन्होंने भारत में प्रवेश नहीं किए हैं, उन सभी के वीजा को निलंबित कर दिया गया है।
चीनी नागरिकों का वीजा निलंबन रहेगा लागू
यह भी कहा गया है कि 5 फरवरी या उससे पहले चीनी नागरिकों के लिए वीजा निलंबन लागू रहेगा। 1 फरवरी को या उसके बाद जारी किए गए अन्य सभी विदेशी नागरिकों के वीजा, जो कोरोनो वायरस से प्रभावित देशों में हैं, निलंबित कर दिए गए हैं।
अधिकारियों को दी गई छूट
सरकार के बयान में कहा गया है कि राजनयिकों, संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय निकायों के अधिकारियों, ओसीआई कार्डधारकों और उपरोक्त देशों के एयरक्राफ्ट को प्रवेश पर इस तरह के प्रतिबंध से छूट दी गई है।
अमेरिका में छह लोगों की मौत
कई देशों में कोरोना वायरस कई हजार लोगों को अपने चपेट में ले चुका है। दुनिया में अभी तक इसके चलते 3000 लोगों की मौत हो गई है। वहीं ,अमेरिका में भी वायरस की वजह से छह लोगों की मौत हो गई है। साथ ही कहा गया है कि 10 लाख लोगों का टेस्ट कराया जाएगा।