केंद्र सरकार ने संसद में बताया, 1,97,192 यात्रियों की हुई जांच, केरल में पाए गए कोरोना के तीन मरीज
केंद्र सरकार ने सोमवार को लोकसभा में बताया कि देश में अभी तक केरल में कोरोना वायरस के तीन पॉजिटिव मामले पाए गए हैं। अभी तक 197192 यात्रियों की स्क्रीनिंग हुई है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। चीन में कहर बरपा रहे कोरोना वायरस के खतरे पर सरकार ने सोमवार को लोकसभा में बताया कि वह इससे निपटने के लिए कई कदम उठा रही है। अभी तक कुल 1818 उड़ानों से यात्रा करने वाले 1,97,192 यात्रियों की स्क्रीनिंग हुई है। देश में अभी तक केरल में कोरोना वायरस के तीन पॉजिटिव मामले पाए गए हैं। इन लोगों ने चीन के वुहान क्षेत्र की यात्रा की थी। इन्हें अलग वॉर्ड में रखा गया है और फिलहाल इनकी हालत स्थिर है। लोगों को चीन की यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने लोकसभा में बताया कि मैं खुद स्थिति की हर दिन समीक्षा कर रहा हूं। मंत्रालय की ओर से राज्यों के साथ हर दूसरे दिन वीडियो कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। कैबिनेट सचिव स्वास्थ्य, रक्षा, विदेश, नागर विमानन, गृह, वस्त्र, फार्मा, वाणिज्य आद सभी संबंधित मंत्रालयों और राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ समीक्षा कर रहे हैं। मेरी अध्यक्षता में मंत्रियों का एक समूह (GOM) बनाया गया है जो पूरे देश में हालात पर नजर रख रहा है। उन्होंने बताया कि मंत्री समूह में विदेश मंत्री, नागर विमानन मंत्री, गृह राज्य मंत्री, जहाजरानी राज्य मंत्री और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार स्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। हर दिन जरूरत के आधार पर एडवाइजरी जारी की जा रही है। सरकार ने चीन से आने वाले किसी भी विदेशी नागरिक को मिला वीजा निरस्त कर दिया है। यहां तक कि पहले जारी ई-वीजा भी वैध नहीं है। चीन से लौटे लोगों को अलग रखा जा रहा है। जिन लोगों को भारत की यात्रा करने के लिए बहुत ही जरूरी हो केवल उनको ही बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क करने को कहा गया है। दिल्ली, मुंबई, चेन्नई समेत कुल 21 हवाईअड्डों पर 28 जनवरी से यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा रही है।