देश में कोरोना संक्रमण की स्थिति में सुधार, केरल और महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा सक्रिय मामले
देश में कोरोना महामारी का कहर लगातार कम हो रहा है। केरल और महाराष्ट्र को छोड़कर ज्यादातर राज्यों में स्थिति तेजी के साथ सुधर रही है। केरल में 39.7 फीसद सक्रिय मामले हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में सक्रिय मामलों की संख्या 25 फीसद है।
जेएनएन, नई दिल्ली। देश में कोरोना महामारी का कहर लगातार कम हो रहा है। केरल और महाराष्ट्र को छोड़कर ज्यादातर राज्यों में स्थिति तेजी के साथ सुधर रही है। आठ महीने से अधिक समय के बाद सोमवार को महामारी के चलते सबसे कम 131 लोगों की जान गई। इससे पहले 17 मई को 120 लोगों की जान गई थी। नए मामले कम आ रहे हैं और ज्यादा संख्या में मरीज ठीक हो रहे हैं। इससे सक्रिय मामलों में भी लगातार कमी आ रही है।
कोरोना संक्रमितों की संख्या एक करोड़ छह लाख 67 हजार के पार
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में 13,203 नए मामले मिले हैं, 13,298 मरीज ठीक हुए हैं और 131 लोगों की जान भी गई है। इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ छह लाख 67 हजार से ज्यादा हो गया है। इनमें से एक करोड़ तीन लाख 30 हजार से ज्यादा मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और 1,53,470 लोगों की मौत भी हो चुकी है। मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 96.83 फीसद हो गई है और मृत्युदर 1.44 फीसद पर बनी हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 1,84,182 रह गई है, जो कुल मामलों का 1.73 फीसद है।
देशभर में रविवार को 5.70 लाख कोरोना टेस्ट
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए रविवार को देशभर में 5,70,246 नमूनों का परीक्षण किया गया। इनको मिलाकर अब तक 19.23 करोड़ नमूनों की जांच की जा चुकी है।
केरल में सबसे ज्यादा सक्रिय मामले
मंत्रालय ने बताया कि सबसे ज्यादा केरल में 39.7 फीसद सक्रिय मामले हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में सक्रिय मामलों की संख्या 25 फीसद है। इन्हीं दो राज्यों में सबसे ज्यादा मामले भी मिल रहे हैं। प्रतिदिन सबसे ज्यादा केरल में नए मामले मिल रहे हैं और दूसरे नंबर महाराष्ट्र है।