देशभर में लगातार दूसरे दिन घटे नए मामले, 24 घंटे में मिले 3.21 लाख केस; जानें राज्यों का हाल
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में सक्रिय मामले 2113365 हो गए हैं जो 237 दिन में सबसे अधिक और कुल मामलों का 5.43 प्रतिशत है। दैनिक संक्रमण दर बढ़कर 17.22 प्रतिशत हो गई है और साप्ताहिक संक्रमण दर 16.65 प्रतिशत है। पिछले एक दिन में 1960954 टेस्ट किए गए।
नई दिल्ली, जेएनएन। देश में लगातार दूसरे दिन कोरोना संक्रमण के नए मामलों में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, अभी भी तीन लाख से ज्यादा मामले मिले हैं। शनिवार को रात 12 बजे तक 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से मिली सूचना के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 3,21,256 नए मामले मिले और 496 लोगों की मौत हुई। शुक्रवार को 3.37 लाख मामले मिले थे और उससे एक दिन पहले 3.48 लाख केस पाए गए थे। हालांकि, शनिवार के नए मामलों में उत्तराखंड समेत कुछ राज्यों के आंकड़े शामिल नहीं हैं, क्योंकि खबर लिखे जाने तक इन राज्यों के आंकड़े नहीं मिले थे।
वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक देश में सक्रिय मामले 21,13,365 हो गए हैं जो 237 दिन में सबसे अधिक और कुल मामलों का 5.43 प्रतिशत है। दैनिक संक्रमण दर बढ़कर 17.22 प्रतिशत हो गई है और साप्ताहिक संक्रमण दर 16.65 प्रतिशत है। पिछले एक दिन में 19,60,954 टेस्ट किए गए।
केरल, महाराष्ट्र व कर्नाटक का हाल-
केरल में 45 हजार से ज्यादा नए केस मिले हैं और 132 लोगों की मौत भी हुई है। महाराष्ट्र और कर्नाटक में भी क्रमश: 46 हजार और 42 हजार से अधिक नए मामले पाए गए हैं। महाराष्ट्र में ओमिक्रोन के भी 416 नए केस मिले हैं, जिनमें अकेले मुंबई में 321 केस हैं। इनको मिलाकर महाराष्ट्र में ओमिक्रोन के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 2,759 हो गई है। पूरे देश में ओमिक्रोन के अब तक 10,466 मामले मिल चुके हैं।
तमिलनाडु में नए मामलों का आंकड़ा 30 हजार को पार कर गया है। गुजरात में भी नए केस बढ़े हैं और 23,150 मामले पाए गए हैं। दिल्ली में मामले तो कम मिले हैं, लेकिन 45 लोगों की मौत हुई है। दिल्ली से ज्यादा सिर्फ दो ही राज्यों केरल में 132 और महाराष्ट्र में 48 मौतें हुई हैं।
गुजरात ने 17 और शहरों में नाइट कर्फ्यू का दिया आदेश
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए गुजरात ने राज्य के 17 और शहरों में 26 जनवरी तक नाइट कर्फ्यू ला दत का कफ्र्यू लगा दिया है। यह रात 10 बजे से सुबह छह तक प्रभावी रहेगा। इससे पहले सात जनवरी को ही राज्य सरकार ने अहमदाबाद, गांधीनगर, वडोदरा, सूरत, राजकोट, जूनागढ़, जामनगर, भावनगर, आणंद और नाडियाड में रात का कफ्यू लगा दिया था।
अब तक करीब 162 करोड़ डोज लगाई गईं
कोविन पोर्टल के रात 12 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक अब तक कोरोना रोधी वैक्सीन की 161.91 करोड़ डोज लगाई जा चुकी हैं। इसमें 92.88 करोड़ पहली, 68.26 करोड़ दूसरी और 76.70 लाख सतर्कता डोज शामिल हैं। 15 से 18 वर्ष आयुवर्ग के 4.15 करोड़ किशोरों को अब तक टीके की पहली डोज भी लगाई जा चुकी हैं।