संसद से सड़क तक हमलावर होगी कांग्रेस
राजग सरकार के मंत्रियों और नेताओं के खिलाफ आ रहे नए मामलों को देखते हुए कांग्रेस अपनी रणनीति को नए सिरे से बनाने में जुट गई है। कांग्रेस को लग रहा है कि बजट सत्र में सत्ता पक्ष को रोकने में मिली सफलता को वह मानसून सत्र में दोहरा सकती
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। राजग सरकार के मंत्रियों और नेताओं के खिलाफ आ रहे नए मामलों को देखते हुए कांग्रेस अपनी रणनीति को नए सिरे से बनाने में जुट गई है। कांग्रेस को लग रहा है कि बजट सत्र में सत्ता पक्ष को रोकने में मिली सफलता को वह मानसून सत्र में दोहरा सकती है। ऐसे में कांग्रेस ने विपक्षी दलों को विश्वास में लेने के प्रयास तेज कर दिए हैं।
कांग्रेस ने बुधवार को ललित मोदी के ब्रिटेन में रहने की इजाजत अर्जी पर वसुंधरा की गवाही के दस्तावेज पेश किए। पार्टी ने एक बार फिर वसुंधरा के इस्तीफे की मांग की है। वही मानव संसाधन मंत्री स्मृति इरानी के डिग्री मामले को लेकर कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस सड़क पर उतरी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्मृति के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन किया व उनका पुतला फूंका। कांग्रेस ने महाराष्ट्र में महिला एवं बाल विकास मंत्री पंकजा मुंडे पर 206 करोड़ रुपये के घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाया। पार्टी ने कहा कि राज्य में नियमों का उल्लघंन कर 206 करोड़ रुपये के सामान की खरीद की गई। यह खरीद खाने के सामान, किताबों और खाना बनाने के बर्तनों से जुड़ी है। पार्टी ने तत्काल प्रभाव से पंकजा मुंडे को पद से हटाने की मांग की। कांग्रेस प्रवक्ता अजय माकन ने बुधवार को कहा, 'बिना टेंडर के मनपसंद कंपनी को ऑर्डर दिए गए। बच्चों को दूषित खाना दिया जा रहा है। इसकी हाईकोर्ट के जज से जांच होनी चाहिए। सीएम भी इसके लिए बराबर के जिम्मेदार हैं।' माकन ने कहा है कि 'पिछले दस दिनों में हो रहे खुलासे ने मोदी सरकार की पोल खोल दी है।' पार्टी गुरूवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेगी।
इस बीच पार्टी ने अपने दो पूर्व केंद्रीय मंत्रियों को विपक्ष में एका साधने की जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस की रणनीति बिहार चुनाव से पहले सरकार के खिलाफ धारणा की लड़ाई में रणनीतिक बढ़त लेने की है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस मामले में उसे विपक्ष से सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। मानसून सत्र को लेकर कांग्रेस संप्रग दलों के साथ बैठक भी बुला सकती है। पार्टी शासित उत्तर पूर्व राज्यों में सरकारों को केंद्र द्वारा अस्थिर करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने कहा कि सरकार किरण रिजीजू का इस्तेमाल कर रही है। पार्टी ने माह के अंत में पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों को दिल्ली तलब किया है।
पढ़ेंः शिवसेना ने मारिया का किया बचाव, केंद्र व भाजपा पर बोला हमला