चीनी घुसपैठ राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती : कांग्रेस
कांग्रेस ने कहा है कि चीन द्वारा बढ़ती घुसपैठ की घटनाएं राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चिंता का विषय हैं।
नई दिल्ली (पीटीआई)। प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने चीन सीमा पर घुसपैठ की बढ़ती घटनाओं पर गहरी चिंता जताई है। उसने कहा कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चुनौतीपूर्ण समय है। पार्टी ने सरकार से पूछा कि राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर उसकी क्या रणनीति है।
पार्टी प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने कहा कि विभिन्न मोर्चे पर राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतीपूर्ण समय से गुजर रही है लेकिन हमारे पास फुलटाइम रक्षा मंत्री नहीं है। हम स्थिति को रोकने और नियंत्रण करने में सक्षम हैं लेकिन हम अपने दायित्वों से हट रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 45 दिनों में 120 बार चीनी घुसपैठ हुए हैं। इस साल के पहले छह महीने में ही 240 ऐसी घुसपैठ हो चुकी हैं।
सिंघवी ने कहा कि भारत और चीन के बीच 2005 का नियंत्रण रेखा समझौता और 2013 का सीमा विवाद सहयोग समझौता होने के बावजूद ऐसा हो रहा है। दोनों देशों के बीच ऐसी तनातनी पिछले 55 वर्षों में कभी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि चीन के साथ सीमा मुद्दे पर सरकार सही कदम उठाए तो पार्टी उसका पूरा समर्थन करेगी।
यह भी पढ़ें: सिक्किम सीमा पर तनातनी जारी, चीन ने भारत पर लगाया ये एक और आरोप
यह भी पढ़ें: जानें, डोकलाम पर भारत को धमकी देकर चीन कहीं भूल तो नहीं कर रहा