कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी सहित भोपाल में मिले 52 नए पॉजिटिव मरीज
कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। चौधरी शाजापुर जिले के कालापीपल से विधायक हैं।
भोपाल, जेएनएन। भोपाल में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ते जा रहा है। एक जून से लगातार 50 से ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। शनिवार को भी 52 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसमें कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। चौधरी शाजापुर जिले के कालापीपल से विधायक हैं। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इनके संपर्क में आने वालों की सूची निकालकर सभी की तलाश की जा रही है।
भोपाल में हड़कंप
गुरुवार को भोपाल में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये विधायक मौजूद थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी तादाद में मीडियाकर्मी भी शामिल हुए थे। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से राजधानी भोपाल में हड़कंप मचा हुआ है। कई नेताओं के आइसोलेशन में जाने की खबरें हैं।
राज्यसभा के लिए वोटिंग पर होगा असर?
इधर, विधायक के संक्रमित होने से कांग्रेस पार्टी के लिए उलझनें और बढ़ गई हैं। प्रदेश में राज्यसभा की 3 सीटों के लिए 19 जून को मतदान होना है। कांग्रेस और भाजपा, दोनों की 1-1 सीट पर जीत तय है, लेकिन दोनों पार्टियां दूसरी सीट के लिए जोर-आजमाइश कर रही हैं। इसमें एक-एक विधायक का वोट महत्वपूर्ण है। ऐसे में उनकी बीमारी कांग्रेस की तैयारियों में बड़ी रुकावट बन सकता है।
क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे 11 लोग कोरोना संक्रमित
इधर, क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे 11 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए है। बता दें कि तीन दिन पहले भी यहां से 10 मरीज मिले थे। जो जहांगीराबाद क्षेत्र के रहने वाले थे। इस तरह देखा जाए तो क्वारंटाइन सेंटर में ही अब संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ रहा है। अब तक 2339 पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। इधर, राजधानी में सोमवार को 54 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए है। भोपाल में अब तक 1579 लोग स्वस्थ हो गए है। वहीं 686 लोग अब भी अस्पतालों में इलाजरत हैं।