कर्नाटक करेगा 'खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स' की मेजबानी, जानें क्या बोले खेल मंत्री किरण रिजिजू
कर्नाटक इस साल के अंत में दूसरे खेलो इंडिया यूनवर्सिटी गेम्स (केआइयूजी) की मेजबानी करेगा। खेल मंत्री किरण रिजिजू ने रविवार को इसकी घोषणा की। इन खेलों का आयोजन भारतीय यूनिवर्सिटी संघ के साथ भागीदारी में बेंगलुरु की जैन यूनिवर्सिटी और राज्य के अन्य स्थलों पर किया जाएगा।
नई दिल्ली, एएनआइ। कर्नाटक इस साल के अंत में दूसरे खेलो इंडिया यूनवर्सिटी गेम्स (केआइयूजी) की मेजबानी करेगा। खेल मंत्री किरण रिजिजू ने रविवार को इसकी घोषणा की। इन खेलों का आयोजन भारतीय यूनिवर्सिटी संघ के साथ भागीदारी में बेंगलुरु की जैन यूनिवर्सिटी और राज्य के अन्य स्थलों पर किया जाएगा। खेल मंत्री ने भरोसा जताया है कि इस खेल में शानदार सफलता मिलेगी।
खेल मंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा,' मुझे विश्वास है कि कर्नाटक खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के अगले संस्करण में शानदार सफलता मिलेगी। खेल के लिए माननीय मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्प द्वारा प्रदान किया गया समर्थन और प्रोत्साहन सराहनीय है और जैन विश्वविद्यालय में एक यादगार ईआईयूजी आयोजित करने की शानदार क्षमता है'।
केआइयूजी देश के सबसे बड़ा यूनिवर्सिटी खेल हैं, जिनका उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को ढूंढना है जो अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता जैसे ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर सकें। केआइयूजी के पहले चरण का आयोजन फरवरी 2020 में भुवनेश्वर में किया गया था। रिजिजू ने कहा, 'पिछले साल हुए यूनिवर्सिटी खेल काफी सफल हुए थे। जिन देशों के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करते हैं, वे अकसर यूनिवर्सिटी स्तर के खेल के नायक होते हैं।'