इलाज के लिए एंटीगुआ व बरबूडा पहुंचा मेहुल चोकसी, डॉमिनिका की अदालत ने सशर्त दी है जमानत
डॉमिनिका अदालत से जमानत मिलने के बाद चार्टर्ड विमान के जरिए मेहुल चोकसी एंटीगुआ पहुंच गया। यहां इसे न्यूरोलॉजिस्ट से मिलकर अपना इलाज कराना है। 2018 में भारत से भागकर चोकसी ने एंटीगुआ में ही शरण ली थी।
नई दिल्ली, प्रेट्र। भगोड़ा हीरा व्यापारा मेहुल चोकसी (Mehul Choksi) आज फिर से एंटीगुआ व बरबूडा ( Antigua and Barbuda) पहुंच गया। यहां उसे अपने डॉक्टर से मिलकर इलाज कराना है और फिर वापस डॉमिनिका लौटना है। भारतीय बैंकों से हजारों करोड़ रुपये का घोटाला करके भागे व्यापारी मेहुल चोकसी को जमानत मिलने के साथ ही भारत वापस लाने के लिए प्रत्यर्पण की सुनवाई टल गई है।
एंटीगुआ में चोकसी का होगा इलाज
चोकसी ने अपनी अस्वस्थता को लेकर कोर्ट में याचिका दायर की थी और इसके इलाज के लिए एंटीगुआ में अपने फिजिशियन से बात भी किया था। इसके बाद ही डॉमिनिका की अदालत ने सशर्त जमानत दी और कहा कि चोकसी एंटीगुआ में जहां भी रहेगा उसक पूरा पता देगा। इलाज के बाद वापस उसे डॉमिनिका वापस लौटना होगा। बता दें कि चोकसी खुद को एंटीगुआ का नागरिक बताता है और एंटीगुआ के साथ भारत की प्रत्यर्पण को लेकर संधि नहीं है। हालांकि भारतीय एजेंसियों के अनुसार भारत की नागरिकता चोकसी के लिए अब भी है इसे उसने नहीं छोड़ा था इसलिए वह एंटीगुआ का नागरिक नहीं है।
23 मई को अचानक हुआ था लापता
जमानत की राशि जमा करने के बाद चोकसी एंटीगुआ के लिए रवाना हुआ। कोर्ट में दायर याचिका के साथ उसने अपनी मेडिकल रिपोर्ट को भी संलग्न किया था। इसमें उसका सीटी स्कैन भी था। इसका इलाज फिलहाल डॉमिनिका में उपलब्ध नहीं है इसलिए ही चोकसी को एंटीगुआ जाने की इजाजत दी गई। भारत के बैंकों में 13,500 रुपये का घोटाला करने में वांटेड चोकसी 23 मई को अचानक एंटीगुआ से लापता हो गया था।
2018 में भारत से हुआ था फरार
भारत से भागकर चोकसी ने 2018 में यहीं शरण ली थी। स्थानीय मीडिया के अनुसार अवैध प्रवेश के जुर्म में चोकसी को डॉमिनिका में 51 दिनों की हिरासत में रहना पड़ा जिसके लिए उसके वकील ने अपहरण का मामला बताया था। 62 वर्षीय चोकसी को डॉमिनिका की अदालत ने जमानत दे दी है। साथ ही एंटीगुआ जाकर वहां के न्यूरोलॉजिस्ट से मेडिकल हेल्प की अनुमति भी मिल गई।