फैशन की दुनिया में छत्तीसगढ़ की इस बेटी ने ऐसे बढ़ाया अपने शहर का मान
प्रिया ने अपनी इस कामयाबी में पति प्रतीक गौरव श्रीवास्तव व बहन रूचिका सिन्हा की भी महत्त्वपूर्ण भूमिका बताई।
अम्बिकापुर, जेएनएन। छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर शहर की बेटी प्रिया सिन्हा ने फैशन की दुनिया में शहर का मान बढ़ाया है। पिछले दिनों दिल्ली में आयोजित एक नेशनल कांप्टीशन के फिनाले में प्रिया को मिसेज इंडिया अर्थ के टाइटल से सम्मानित किया गया। प्रिया सिन्हा शहर के शिक्षा विभाग में पदस्थ प्रधान अध्यापिका उमा अम्बष्ट व राजेन्द्र सिन्हा की पुत्री हैं। प्रिया सिन्हा की इस कामयाबी से पूरे परिवार में उत्साह का माहौल है।
टाइटल जीतने के बाद अम्बिकापुर पहुंचीं प्रिया ने एक चर्चा के दौरान कहा कि मेरा लक्ष्य ऐसी रोल मॉडल बनाना है जो चैरिटी के कामों में हिस्सा ले, सुंदरता की एक मिसाल कायम करे और महिलाओं की ताकत के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव ला सके। लक्ष्य को पूरा करने में परिवार का पूरा सहयोग मिल रहा है और इसी बदौलत मैं इस क्षेत्र में आगे बढ़ पा रही हूं। प्रिया ने अपनी इस कामयाबी में पति प्रतीक गौरव श्रीवास्तव व बहन रूचिका सिन्हा की भी महत्त्वपूर्ण भूमिका बताई।
मिल रहा शादीशुदा महिलाओं को पहचान बनाने का मौका
मिसेस इंडिया पेजेंट शादीशुदा महिलाओं को एक मंच दे रहा है, जहां वे दुनिया मे अपना एक अलग अंदाज दिखा रहीं हैं। पैजेंट का मिशन प्रकृति और सहयोग हैं जहां प्रतिभागियों को उनके व्यक्तिगत जीवन तथा व्यावसायिक जीवन का उचित तालमेल बैठा कर जनता के लिए कुछ नया करते हैं। ये दो अलग-अलग कैटेगरी में कार्य करता है। मिसेज इंडिया अर्थ 2018 (उम्र 21 से 39) और दूसरी क्लासिक केटेगरी (उम्र 40 से 56) है। विजेता प्रतिभागी और अन्य काबिल प्रतिभागी पूरे भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए विभिन्न् अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म को प्राप्त कर चुके है।