मध्यप्रदेश में कोरोना के बढ़ते मरीजों को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज ने दिए सख्त निर्देश, कहा- मास्क लगाना जरूरी
इंदौर में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। लोगों की लापरवाही शहर पर फिर भारी प़़डने लगी है। रविवार को कोरोना संदिग्ध 2199 लोगों के सैंपल जांचे गए जिनमें से 166 संक्रमित मिले। संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है।
भोपाल, राज्य ब्यूरो। मध्यप्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही हैं। पिछले सात दिन में इंदौर में 1103 और भोपाल में 573 मरीज मिले हैं। प्रदेश में पिछले चार दिन से मरीजों की संख्या 400 के ऊपर है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन जिलों में ज्यादा सख्ती करने को कहा है, जहां मरीज ज्यादा मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने की कोरोना की समीक्षा, कहा- मास्क नहीं लगाने वालों पर सख्ती की जाए
मुख्यमंत्री रविवार को अपने निवास पर कोरोना को लेकर समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा है कि मास्क लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करें। मास्क नहीं लगाने वालों पर सख्ती की जाए। इसके लिए चलाए जा रहे रोको-टोको अभियान को और सख्ती से लागू किया जाए। उन्होंने सभी कलेक्टरों को सतर्क रहने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने की टीकाकरण अभियान की समीक्षा
इस दौरान मुख्यमंत्री ने टीकाकरण अभियान की समीक्षा भी की। अपर मुख्य सचिव मो. सुलेमान ने बताया कि प्रदेश में लगभग नौ लाख लोगों को कोरोना के टीका का पहला डोज लगाया जा चुका है। मध्य प्रदेश टीकाकरण के मामले में देश में दूसरे नंबर पर है।
इंदौर में लगातार बढ़ रहा कोरोना का संक्रमण, एक की मौत
इंदौर में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। लोगों की लापरवाही शहर पर फिर भारी प़़डने लगी है। रविवार को कोरोना संदिग्ध 2199 लोगों के सैंपल जांचे गए जिनमें से 166 संक्रमित मिले। संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। कोविड बुलेटिन के अनुसार 848054 सैंपल जांचे जा चुके हैं। इनमें से 60886 लोग पाजिटिव मिले हैं।
इंदौर में कोरोना संक्रमण से अब तक 936 की मौत
रविवार को 207 मरीज अस्पतालों से डिस्चार्ज किए गए। अब तक स्वस्थ होने वालों की संख्या 58 हजार 597 हो चुकी है। फिलहाल 1353 मरीजों का इलाज चल रहा है। शहर में अब तक संक्रमण से मरने वालों की संख्या 936 हो चुकी है।