हरदीप सिंह पुरी बोले- कार्यक्रम के अनुसार चल रहा है सेंट्रल विस्टा परियोजना का काम
केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को निर्माण स्थल का दौरा करने के बाद कहा कि सेंट्रल विस्टा परियोजना पर काम तय कार्यक्रम के अनुसार चल रहा है। पुरी ने एक ट्वीट में कहा काम तय समय के अनुसार चल रहा है।
नई दिल्ली, एएनआइ। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को निर्माण स्थल का दौरा करने के बाद कहा कि सेंट्रल विस्टा परियोजना पर काम तय कार्यक्रम के अनुसार चल रहा है। पुरी ने एक ट्वीट में कहा, काम तय समय के अनुसार चल रहा है। इसमें अच्छी प्रगति है। पारंपरिकता और आधुनिकता के मिश्रण के साथ सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का नया रूप शहर को फिर से परिभाषित करेगा। अधिक सार्वजनिक स्थान होगा। आसान सार्वजनिक पहुंच होगी। यह हराभरा और बेहतर होगा।
श्रमिकों की सराहना करते हुए पुरी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, हमारे श्रमिकों का परिश्रम और दृढ़ता आने वाली पीढि़यों के लिए स्थापत्य विरासत को आकार दे रही है। मैंने गुरुवार को सेंट्रल विस्टा एवेन्यू और नए संसद स्थल का जायजा लिया। 'विद्वानों' को सूचित करते हुए खुशी हो रही है कि उनकी आइसक्रीम की शामें और भी बेहतर होने वाली हैं। दिसंबर 2020 में सेंट्रल विस्टा विकास परियोजना का उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा किया गया था।
इस परियोजना में एक नया संसद भवन, केंद्र सरकार के कार्यालयों के लिए एक सामान्य सचिवालय, प्रधानमंत्री कार्यालय और निवास, विशेष सुरक्षा समूह भवन और उप राष्ट्रपति एन्क्लेव के निर्माण की परिकल्पना की गई है।शीर्ष अदालत द्वारा परियोजना को चुनौती देने वाली याचिकाओं को खारिज करने के बाद पांच जनवरी, 2021 से परियोजना का निर्माण कार्य किया जा रहा है।