पंजाब और चंडीगढ़ में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के मामले, रोकथाम के लिए केंद्र भेजेगा उच्च स्तरीय टीमें
मरीजों की समय से पहचान और उसके बाद उनकी देखरेख के काम में भी केंद्रीय दल राज्य स्वास्थ्य विभागों की मदद करेगा।
नई दिल्ली, एजेंसियां। पंजाब और चंडीगढ़ में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने उच्च स्तरीय टीमें भेजने का फैसला किया है। केंद्रीय दल कोरोना की रोकथाम, जांच में तेजी, निगरानी और कोरोना मरीजों के कुशल क्लीनिकल प्रबंधन में राज्य के स्वास्थ्य विभाग की मदद करेगा।
पंजाब में 60 हजार से अधिक कोरोना संक्रमित, चंडीगढ़ में 55 सौ से अधिक केस मिले
पंजाब में अब तक 60 हजार से अधिक संक्रमित पाए जा चुके हैं और सक्रिय मामलों की संख्या भी करीब 16 हजार है। जबकि, 18 सौ अधिक लोगों की जान भी जा चुकी है। केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में 55 सौ से अधिक केस मिल चुके हैं। सक्रिय मामले दो हजार से अधिक हैं।
केंद्रीय दल का लक्ष्य मृत्युदर घटाने और लोगों की जांन की सुरक्षा करना है
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि केंद्रीय दल का लक्ष्य मृत्युदर घटाने और लोगों की जांन की सुरक्षा करना है। मरीजों की समय से पहचान और उसके बाद उनकी देखरेख के काम में भी केंद्रीय दल राज्य स्वास्थ्य विभागों की मदद करेगा।
केंद्रीय दल 10 दिनों तक रहेगा दोनों राज्यों में
दो सदस्यीय टीम में एक सदस्य चंडीगढ़ स्थित पीजीआइएमआर का सामुदायिक चिकित्सा विशेषज्ञ और एक सदस्य राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) का महामारी रोग विशेषज्ञ शामिल होगा। दोनों राज्यों में यह दल अगले 10 दिनों तक रहेगा।