कावेरी विवाद: हिरासत में कनिमोझी, स्टालिन और वाइको समेत कई नेता
कावेरी मुद्देे पर आज कई पार्टियों ने बंद का आह्वान किया है। पुलिस ने स्टालिन, कनिमोझी समेत वाइको को भी हिरासत में ले लिया है।
चेन्नई/बेंगलुरू (एएनआई)। कावेरी मुद्दे पर तमिलनाडु में शुक्रवार को आहूत बंद का मिला-जुला असर रहा। बंद का आह्वान किसानों और व्यापारियों ने किया था, जबकि मुख्य विपक्षी दल द्रमुक ने उसका समर्थन किया था। बंद के दौरान विरोध जुलूस निकालते द्रमुक नेता एमके स्टालिन और कनीमोझी को गिरफ्तार किया गया लेकिन बाद में रिहा कर दिया गया। गुरुवार को इस मुद्दे पर खुद को आग लगाने वाले नाम तामीझार काची के कार्यकर्ता विगनेश की शुक्रवार को अस्पताल में मौत हो गई। वह 90 प्रतिशत जलने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बंद के चलते कोयंबटूर, तिरुपुर और नीलगिरी जिलों के ज्यादातर बाजार और प्रतिष्ठान बंद रहे। तिरुपुर में 30 हजार गारमेंट फैक्ट्री भी बंद रहीं। चेन्नई में द्रमुक नेता स्टालिन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रेल रोकने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उसे सफल नहीं होने दिया। सांसद कनीमोझी ने अन्ना सलाई पर सड़क को जाम करने का प्रयास किया। उन्हें वहां से गिरफ्तार किया गया। कोयंबटूर में द्रमुक और एमडीएमके के कार्यकर्ताओं को जबरन बंद कराने के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है।
प्रदेश में सभी सरकारी कार्यालय खुले रहे लेकिन आवागमन की कठिनाइयों के चलते कर्मचारियों की उपस्थिति जरूरत प्रभावित हुई। किसान नेता पीआर पांडियन ने कई संगठनों से जुड़े किसानों के साथ प्रदर्शन में भाग लिया। बंद के दौरान ¨हसक घटनाओं को रोकने के लिए राज्य सरकार ने बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की थी। पुडुचेरी में प्रदर्शनकारियों ने इसी मुद्दे पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का पुतला फूंका। वहां पर कुछ बसों पर पथराव भी हुआ। कावेरी नदी के जल बंटवारे के मामले में इन दिनों दक्षिण के राज्यों में अशांति बनी हुई है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले से असहमत लोग कई दिन से सड़कों पर हैं।
पूरा घटनाक्रम :-
- वाइको को तिरुचिरापल्ली, डीएमडीके नेता एमके स्टालिन और पूर्व केंद्रीय मंत्री कनिमोझी को इगमोर रेलवे स्टेशन के पास हिरासत में ले लिया गया है।
- डीएमडीके ने इस मुद्दे पर आज भूख हड़ताल का आह्वान किया था, लेकिन इसके संस्थापक विजयाकांत की तबियत खराब होने के चलते वह इसमें हिस्सा नहीं ले सके।
- किसानों ने सेदापेट रेलवे स्टेशन पर जमकर प्रदर्शन किया और रेलों की आवाजाही रोक दी।
- वाइको ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार कावेरी मुद्दे पर पूर्व की कांग्रेस सरकार की तरह ही काम कर रही है।
- कुछ अन्य जगहों पर भी ट्रेनों को रोकने की कोशिश की गई है। पुलिस नेे कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है।
- बंद के मद्देनजर आज चेन्नई के निकट कोयमबेदू में थोक सब्जियों की मार्किट बंद है। लेकिन बंद से दूध और अन्य जरूरी चीजों को बाहर रखा गया है।
कावेरी जलविवाद से जुड़ी सभी खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें