छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में करंट की चपेट में आने से सीएएफ जवान की मौत
बारसूर थाना इलाके में स्थित सीएएफ कैंप में यह घटना घटी। मृतक जवान यहीं पदस्थ था।
दंतेवाड़ा, जेएनएन। छत्तीसगढ़ के दंतेवाडा जिले के बारसूर ब्लॉक स्थित सीएएफ कंजर्वेटिव आर्म फोर्स के कैंप में बुधवार की सुबह एक जवान की करंट लगने से मौत हो गई। बताया गया कि उस दौरान जवान कैंप परिषर में साफ-सफाई का काम कर रहा था। जहां उसी दौरान जवान करंट की चपेट में आ गया। जवान को करंट लगता देख अन्य साथी भी उसे बचाने पहुंचे, लेकिन तब तक वह पूरी तरह झुलस गया था और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बता दें कि मृत जवान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का रहने वाला था।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार करंट लगने से सीएएफ जवान की आज सुबह मौत हो गई है। बारसूर थाना इलाके में स्थित सीएएफ कैंप में यह घटना घटी। मृतक जवान यहीं पदस्थ था। आज सुबह कुछ जवान नाली की सफाई कर रहे थे। बताया गया कि एक इलेक्ट्रिक वायर नाली के पास से होकर गुजरा जा रही थी। जिसमें करंट था और किसी का ध्यान उस तरफ नहीं था।
जवान का ध्यान उस ओर नहीं गया और वह उस तरंगित तार की चपेट में आ गया। इस दौरान आस-पास मौजूद साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन जवान की जान नहीं बच पाई और मौके पर ही जवान की मृत्यु हो गई। मृतक जवान मुन्नाराम यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के ग्राम बजावन (बलिया जिला) का निवासी था।