भाजपा नेताओं को घर से रहना होगा दूर
भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। इसके लिए खंड स्तर पर बैठकें व नुक्कड़ सभाएं आयोजित करने के साथ ही सदस्यता अभियान को भी चुनाव प्रचार की तरह से चलाया जा रहा है। इसलिए भाजपा नेताओं व सक्रिय कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी
नई दिल्ली (राज्य ब्यूरो)। भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। इसके लिए खंड स्तर पर बैठकें व नुक्कड़ सभाएं आयोजित करने के साथ ही सदस्यता अभियान को भी चुनाव प्रचार की तरह से चलाया जा रहा है। इसलिए भाजपा नेताओं व सक्रिय कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करते हुए उन्हें अगले डेढ़ महीने में एक सप्ताह का समय घर से दूर रहकर किसी क्षेत्र में प्रवास करने का निर्देश दिया गया है।
भाजपा ने अगले वर्ष 15 जनवरी तक दिल्ली में 28 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसको हासिल करने के लिए प्रदेश से मंडल तक के पदाधिकारियों के साथ-साथ सभी मोर्चो व प्रकोष्ठों को सक्रिय किया गया है। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी का सदस्य बनाया जा सके।
इसके लिए मिस कॉल कर ऑनलाइन सदस्य बनने की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही भाजपा नेता व कार्यकर्ता जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। वहीं, शहर में जगह-जगह होर्डिग भी लगाए गए हैं। जिस पर सदस्य बनने की अपील के साथ ही मिस कॉल करने के लिए टोल फ्री नंबर लिखा हुआ है। भाजपा नेताओं ने बताया कि सदस्यता अभियान की प्रगति पर केंद्रीय नेतृत्व की पूरी नजर है। पिछले दिनों पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने इसके लिए देश भर के नेताओं की बैठक बुलाई थी, जिसमें दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय, संगठन महामंत्री विजय शर्मा तथा उपाध्यक्ष व प्रदेश सदस्यता प्रमुख आशीष सूद भी शामिल हुए थे। बैठक में उन्हें 15 जनवरी तक अभियान पूरा करने को कहा गया है। हालांकि, पूरे देश में यह अभियान अगले दो वर्षो तक चलेगा। लेकिन दिल्ली में आगामी विधानसभा को ध्यान में रखकर मध्य जनवरी तक इसे पूरा किया जाना है।28 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य
पहले 22 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे बढ़ाकर अब 28 लाख कर दिया गया है। नेताओं ने बताया कि दिल्ली में इस समय लगभग 20 हजार सक्रिय सदस्य हैं। बढ़ाए गए लक्ष्य को पूरा करने के लिए दस हजार और सक्रिय सदस्य बनाए जा रहे हैं। इन 30 हजार सक्रिय सदस्यों को 100 सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया जाएगा। ताकि लक्ष्य को आसानी से पूरा किया जा सके। पिछले एक पखवाड़े में लगभग आठ लाख लोगों को पार्टी से जोड़ा गया है।
बस व मेट्रो में भी बनाए जाएंगे भाजपा के सदस्य
संभव है कि बस या मेट्रो में यात्रा के दौरान बगल में बैठा व्यक्ति आपसे भाजपा का सदस्य बनने की अपील करे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों और पार्टी की नीतियों वाला साहित्य उपलब्ध कराए। ऐसा इसलिए क्योंकि दिल्ली प्रदेश भाजपा ने यात्रियों के बीच भी सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसकी जिम्मेदारी भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) को दी गई है।
भाजपा का कहना है कि दिल्ली में लोग काम के सिलसिले में सुबह घर से निकल जाते हैं और देर से लौटते हैं। इसलिए बस स्टॉप, बस, शिक्षण संस्थानों के आसपास तथा सार्वजनिक स्थानों पर सदस्यता अभियान चलाने का फैसला किया गया है। बसों में सदस्यता अभियान चलाने की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय बृहस्पतिवार को शिवाजी टर्मिनल से करेंगे। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष नकुल भारद्वाज ने बताया कि व्यापार मेले में आने वाले लोगों को जोड़ने के लिए प्रगति मैदान के गेट पर भी तीन दिनों तक सदस्यता अभियान चलाया गया था। कनॉट प्लेस में भी अभियान चलाकर लोगों को भाजपा से जुड़ने की अपील की जा रही है। अब बस स्टॉप तथा बसों में भी अभियान शुरू किया जा रहा है। भाजयुमो कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने के लिए बृहस्पतिवार को खालसा कॉलेज बस स्टॉप पर विशेष अभियान चलाया गया। कार्यकर्ताओं को बताया गया कि यात्रियों को किस तरह से जोड़ना है। बसों के बाद मेट्रो यात्रियों के बीच भी अभियान चलाने की योजना है। पार्को में भी सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को भाजपा द्वारा घोषित नंबर पर मिस कॉल कर पार्टी की सदस्यता लेने को प्रेरित किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रभावित होकर लोग भाजपा से जुड़ना चाहते हैं। भाजयुमो सार्वजनिक स्थलों पर सफलतापूर्वक सदस्यता अभियान चला रहा है। अब बसों में भी इसे चलाने का निर्णय लिया गया है।
- नकुल भारद्वाज, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष