Bird Flu : जम्मू-कश्मीर और झारखंड में भी संदिग्ध हालात में मृत मिले पक्षी
मत्स्यपालन पशुधन और डेयरी मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि 13 जनवरी तक दिल्ली महाराष्ट्र उत्तराखंड उत्तर प्रदेश केरल राजस्थान मध्य प्रदेश हिमाचल प्रदेश हरियाणा और गुजरात में बर्ड फ्लू फैलने की पुष्टि हो चुकी थी।
नई दिल्ली, प्रेट्र। जम्मू-कश्मीर और झारखंड के कुछ जिलों में भी बड़ी संख्या में संदिग्ध हालात में बड़ी संख्या में पक्षी मृत पाए गए हैं। इनकी मौत की वजह की अभी पुष्टि तो नहीं हुई है, लेकिन देश के नौ राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने से आशंका गहरा गई है। बुधवार को केंद्र सरकार ने यह जानकारी देते हुए राज्य सरकारों से यह अनुरोध भी किया कि वो पोल्ट्री उत्पादों की सप्लाई पर रोक नहीं लगाएं।
मत्स्यपालन, पशुधन और डेयरी मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि 13 जनवरी तक दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और गुजरात में बर्ड फ्लू फैलने की पुष्टि हो चुकी थी। अब जम्मू-कश्मीर के गंदरबल और झारखंड के चार जिलों में भी पक्षियों की अस्वाभाविक मौत हुई है।
मंत्रालय ने सभी राज्यों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि पोल्ट्री फॉर्म में बर्ड फ्लू नहीं फैलने पाए, क्योंकि इससे पोल्ट्री उत्पादकों को भारी आर्थिक नुकसान होगा। मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि यह देखने को मिला है कि कई राज्यों ने दूसरे राज्यों से पोल्ट्री और पोल्ट्री उत्पादन की सप्लाई पर पाबंदी लगा दी है। इससे पोल्ट्री उद्योग पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, इसलिए राज्यों से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया जाता है। मंत्रालय के सचिव की अध्यक्षता में मंगलवार को एक वर्चुअल बैठक हुई थी, जिसमें 17 राज्यों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। इस बैठक में बर्ड फ्लू यानी एवियन एनफ्लूएंजा से निपटने को लेकर कई सलाह दिए गए थे।