मध्य प्रदेश में तेजी से फैल रहा बर्ड फ्लू, शिवपुरी और शाजापुर समेत कई जिलों में पहुंचा संक्रमण
इंदौर मंदसौर आगर-मालवा गुना उज्जैन देवास नीमच खंडवा और खरगोन में पहले ही बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। शनिवार को इसमें चार अन्य जिले जुड़ गए। इंदौर और नीमच में मुर्गा बाजार से लिया गए पर्यावरणीय सैंपल भी पॉजिटिव मिल चुके हैं।
भोपाल, जेएनएन। बर्ड फ्लू का संक्रमण प्रदेश में लगातार पैर पसार रहा है। शनिवार को प्रदेश के चार और जिलों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। इसमें शिवपुरी, राजगढ़, विदिशा और शाजापुर शामिल हैं। इसी बीच, आगर मालवा में मुर्गा बाजार में टेबल, चाकू आदि से लिया गया एक सैंपल भी पॉजिटिव आया है। हालांकि, बाजार से चार मुर्गो के सैंपल भी लिए गए थे, जो निगेटिव आए हैं। सैंपल पॉजिटिव आने के बाद बाजार के सभी मुर्गो को मार दिया गया। यहां के आसपास के पोल्ट्री फार्मो को भी एक हफ्ते के लिए बंद करवा दिया गया है। प्रदेश में 26 दिसंबर के बाद से अब तक 13 जिलों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है।
पर्यावरणीय सैंपल भी मिले पॉजिटिव
इंदौर, मंदसौर, आगर-मालवा, गुना, उज्जैन, देवास, नीमच, खंडवा और खरगोन में पहले ही बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। शनिवार को इसमें चार अन्य जिले जुड़ गए। इंदौर और नीमच में मुर्गा बाजार से लिया गए पर्यावरणीय सैंपल (चाकू, टेबल और बर्तन से लिए नमूने) भी पॉजिटिव मिल चुके हैं।
अब तक 21 जिलों में कौओं और अन्य पक्षियों के मरने की सूचना
पशुपालन विभाग के संचालक डॉ. आरके रोकड़े ने बताया कि अब तक 21 जिलों में कौओं और अन्य पक्षियों के मरने की सूचना मिली है। आठ जिलों के पक्षियों के सैंपल की रिपोर्ट आना अभी बाकी है। उन्होंने बताया कि लैब में सैंपल ज्यादा होने की वजह से चार से पांच दिन में रिपोर्ट आ रही है।