बड़ी सफलता : नक्सलियों को अंदेशा ही नहीं था, यहां धमक जाएगी फोर्स
सोमवार सुबह छह से सात बजे के बीच कोंटा के नलकटोंग गांव में 200 जवानों की टीम ने हमला किया। उस समय नक्सली कैंप में ही थे।
रायपुर, नईदुनिया, राज्य ब्यूरो। सुकमा से 100 किलोमीटर अंदर जंगलों में पहली बार फोर्स की धमक दिखाई दी। नक्सल विरोधी आपरेशन में अब तक फोर्स इन इलाकों में पहुंची नहीं थी। डीजी नक्सल आपरेशन डीएम अवस्थी ने बताया कि इंटेलिजेंस बेस्ड सूचना के आधार पर इस आपरेशन को प्लान किया गया।
नक्सली आराम से अपने कैंप में सोये हुए थे और डीआरजी के जवानों ने धावा बोल दिया। अवस्थी ने बताया कि सोमवार सुबह छह से सात बजे के बीच कोंटा के नलकटोंग गांव में 200 जवानों की टीम ने हमला किया। उस समय नक्सली कैंप में ही थे। अचानक हुई फायरिंग के बाद नक्सलियों ने फोर्स पर जवाबी हमला करने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने हमले को विफल करते हुए बड़ी सफलता अर्जित की।
एसआइबी के आला अधिकारियों ने बताया कि पिछले तीन साल में इस दुर्गम इलाके में 14 नये कैंप खोले गए। इन कैंपों से जवान अब आगे जंगलों की ओर बढ़ रहे हैं। गृह मंत्रालय के सुरक्षा सलाहकार विजयकुमार की रणनीति का असर अब दिखाई देना लगा है। केंद्र सरकार ने सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा में नक्सलियों को समेटने की कार्ययोजना बनाई थी। गोलापल्ली के बारे में अधिकारियों ने बताया कि यह नक्सलियों का सेफ जोन माना जाता है। पिछले 30 साल से फोर्स इस इलाके में घुसने की कोशिश कर रही थी, लेकिन सफलता नहीं मिल रही थी।
बड़े नक्सली कमांडर की है मौजूदगी
डीजी अवस्थी ने बताया कि सुकमा में एक और आपरेशन चल रहा है। यहां नक्सलियों के बड़े कमांडर की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद आपरेशन प्लान किया गया है। पिछले दो दिन से 200 से ज्यादा जवानों की टुकड़ी जंगल में डेरा डाले हुए है। यहां भी पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। हालांकि वहां की पूरी रिपोर्ट अभी तक नहीं आ पाई है।
नक्सलियों ने मचा रखी थी दहशत, अब फोर्स ने दिखाया दम
कोंटा से करीब 80 किलोमीटर दूर स्थित गोलापल्ली तक सीधी सड़क नक्शे पर दिखती है लेकिन हकीकत में नहीं है। कोंटा से बंडा तक ही रास्ता चालू है। इसके आगे नक्सलियों की दहशत है। सड़क जगह-जगह उड़ा दी है। तीन दशकों से इस मार्ग को दोबारा शुरू करने की कोशिश तक नहीं हो पाई थी। अब हालात बदल रहे हैं।
गोलापल्ली कभी वन विभाग का बड़ा डिपो होता था। यहां साप्ताहिक बाजार में वनोपज की भरमार होती थी। नक्सलवाद ने बाजार और डिपो सब खत्म कर दिया। गोलापल्ली थाने में जवान सीआरपीएफ की सुरक्षा में रहते हैं। गोलीबारी की घटना यहां आम है। ऐसे बीहड़ में घुसकर डीआरजी जवानों ने जो हिम्मत दिखाई है वह काबिले तारीफ है। इस घटना के बाद कोंटा से गोलापल्ली के बीच नक्सलियों की दहशत कम होगी।
भरी बरसात में जवान उन जंगलों में घुसे, जहां दुनिया ने कदम नहीं रखा
बस्तर आइजी विवेकानंद ने बताया कि चार अगस्त से ही फोर्स नक्सलियों की तलाश में जंगल का चप्पा-चप्पा छान रही थी। भरी बरसात में जवान उन जंगलों में घूम रहे होंगे जहां बाहरी दुनिया के कदम नहीं पड़ते यह नक्सलियों ने कल्पना भी नहीं की थी। शहीदी सप्ताह के दौरान 28 जुलाई से तीन अगस्त तक फोर्स ने लगातार इस इलाके में गश्त की। अंदर ही इनपुट मिला कि नकुलतोंग गांव में नक्सलियों ने कैंप लगा रखा है। इसके बाद जल्दबाजी नहीं की गई। ऑपरेशन प्लान किया गया। कोंटा और भेज्जी से डीआरजी जवानों को दबे पांव उस इलाके में रवाना किया गया। जहां मुठभेड़ हुई है उसके नजदीक मुरलीगुड़ा में सीआरपीएफ का कैंप है। मुठभेड़ के पहले तक मुरलीगुड़ा के जवानों को भी इस ऑपरेशन की भनक नहीं लग पाई। ऑपरेशन खत्म होने के बाद जब शव निकालने की बारी आई तब रोड ओपनिंग के लिए सपोर्ट पार्टी के रूप में मुरलीगुड़ा से फोर्स बुलाई गई।
आइजी विवेकानंद ने कहा-हम लगातार अंदर घुस रहे हैं। बरसात में उन इलाकों में अभियान चलाया जा रहा है जो पहुंचविहीन कहे जाते हैं। इसी का नतीजा है यह बड़ी सफलता। कोंटा-गोलापल्ली मार्ग पर स्थित बंडा गांव में नगा बटालियन ने कैंप बनाया था। 2008 में इसी रास्ते पर नक्सलियों ने बारूदी सुरंग के विस्फोट से नगा जवानों की गाड़ी उड़ा दी थी। घटना में दस जवान मारे गए। इसके बाद बंडा का कैंप बंद कर दिया गया। हाल के दिनों में फोर्स अंदर पहुंची है। इसके बाद वहां से आगे मुरलीगुड़ा में कैंप बनाया गया है।