प्रेमिका के सामने खुद को गोली मारने वाले भाजयुमो नेता के अंग होंगे दान
भोपाल में प्रेमिका के सामने गोली मारने वाले भाजयुमो नेता अतुल लोखंडे के परिजन अंग दान करने को तैयार हो गए।
भोपाल (नईदुनिया)। मध्य प्रदेश के भोपाल में प्रेमिका के घर में उसके सामने खुद को गोली मारने वाले भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) नेता अतुल लोखंडे को डॉक्टरों ने ब्रेन डेड घोषित कर दिया है। परिजन उनके सभी अंग दान करने को तैयार हो गए हैं। किडनी, लिवर के साथ भोपाल में पहली बार हार्ट और फेफड़े भी दान किए जा रहे हैं। हार्ट छोड़कर बाकी अंग भोपाल के अस्पतालों में ही ट्रांसप्लांट होंगे। जल्द अंग निकालने की प्रक्रिया शुरू होगी। अंग प्रत्यारोपण के लिए मरीज भी चिह्नित कर लिए गए हैं।
गौरतलब है कि भोपाल आर्गन डोनेशन सोसायटी के काउंसलर्स ने बुधवार रात में अतुल के परिजन को बताया कि वह ब्रेन डेड हैं। उनके अंग दान करने से आधा दर्जन लोगों को नई जिंदगी मिल जाएगी। ये समझाने के बाद अतुल के परिजन अंगदान के लिए तैयार हो गए। अतुल की मां ने भी रात में अंगदान की सहमति दे दी।
ब्रेन डेड घोषित किए जाने के बाद शरीर के बाकी अंगों की क्रियाशीलता देखने के लिए एप्निया टेस्ट किया जाता है। दो बार एप्निया टेस्ट पॉजीटिव आने पर अंग निकाले जाते हैं। अतुल का बुधवार सुबह किया गया एप्निया टेस्ट पॉजीटिव आ चुका है। शाम छह बजे के करीब दोबारा टेस्ट निगेटिव आया। फिर से टेस्ट करने के बाद अंग निकालने की प्रक्रिया शुरू होगी। मौजूदा तैयारी के अनुसार हार्ट दिल्ली के एम्स भेजा जाएगा।